रिश्तों का कत्ल: वाराणसी में नशेड़ी पिता ने 9 साल की मासूम बेटी से की दरिंदगी, मुंबई भागने की फिराक में था ‘हैवान’

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक कलयुगी पिता ने पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को कलंकित करते हुए अपनी ही नौ वर्षीय मासूम बेटी को अपनी हवस का शिकार बना डाला। शराब के नशे में धुत इस दरिंदे ने उस वक्त वारदात को अंजाम दिया जब मासूम गहरी नींद में सो रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को उस समय दबोच लिया जब वह ट्रेन पकड़कर शहर छोड़ने की फिराक में था।

मां छत पर थी और नीचे मासूम की उजड़ गई दुनिया

दिल दहला देने वाली यह घटना 18 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि पीड़िता कक्षा चार की छात्रा है। वारदात के समय मासूम की मां घर की छत पर थी, जबकि पिता नीचे कमरे में शराब के नशे में धुत होकर पहुंचा। उसने सोती हुई मासूम के साथ जबरन दुष्कर्म किया। जब बच्ची रोती-बिलखती हुई मां के पास पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई, तो मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। एक मां ने अपने कलेजे के टुकड़े को न्याय दिलाने के लिए समाज की परवाह किए बिना तुरंत पुलिस की शरण ली।

सारनाथ स्टेशन पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता को अहसास हो गया था कि पुलिस उस तक पहुंच जाएगी, इसलिए वह रात में ही घर से फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिली कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए मुंबई भागने की योजना बना रहा है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जाल बिछाया और रविवार की सुबह आरोपी को सारनाथ रेलवे स्टेशन से उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब वह ट्रेन का इंतजार कर रहा था।

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, जेल भेजा गया आरोपी

पुलिस ने पीड़ित मासूम का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नरपतपुर में कराया है, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पास्को (POCSO) एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। इस वीभत्स घटना ने पूरे चौबेपुर क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment