
मुंबई । मुंबई क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी देने के मामले में मैनेजर को मिले वॉइस नॉट को वेरिफाई करने के लिए पंजाब और हरियाणा भेजा था। वॉइस नॉट भेजने वाले ने खुद को हेरी बॉक्सर बताया था और 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इस वॉइस नॉट की पुष्टि हुई कि उस वॉइस नॉट में सुनाई दे रही आवाज हेरी बॉक्सर की ही है उसके बाद एफआईआर दर्ज की गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई साइबर पुलिस ने रणवीर सिंह के मैनेजर विजय सुब्रमण्यम की शिकायत के आधार पर हेरी बॉक्सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल कर रही है। पुलिस के मुताबिक मैनेजर सुब्रमण्यम को उनके फोन पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया था, जो वर्जिन आइलैंड्स से जुड़ा देश का कोड माना जाता है। कॉल करने वाले ने 20 करोड़ की मांग की और धमकियां दीं। धमकियों के बाद रणवीर सिंह के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उन्हें शूटिंग के लिए कहीं भी ट्रेवल करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक बताया गया है कि ‘हेरी बॉक्सर’ ने लंबे वॉइस नोट छोड़ते हुए कहा कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो “अगली सात पीढ़ियां” इसका अंजाम याद रखेंगी। वॉइस नोट में कहा गया, “रणवीर सिंह, तू कुछ बात बोलकर मुकर गया ना, ठीक है…या तो तू उस बात पर वापस आ जा, नहीं तो मुकरने की सजा क्या होती है वो तुझे बताएंगे। इसलिए तेरे लिए ये वॉइस नोट छोड़ रहे हैं…रोहित शेट्टी और तू लाइन पर आ जाओ… और पूरी बॉलीवुड को भी बोल रहे हैं…आज जो पुर्तगाल में फायरिंग करवाई है, मैं और मेरे भाई ‘मरीना ग्रैंड’ और सुखदेव की दुकान पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हैं।”
यह बिश्नोई गैंग के सदस्यों के खिलाफ दर्ज की गई दूसरी एफआईआर है, इससे पहले 1 फरवरी को रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर भी गोलीबारी हुई थी। इस मामले की जांच कर रही एजेंसी अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें शूटर दीपक शर्मा भी शामिल है। दीपक ने शुभम लोनकर गुट के कहने पर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की थी।














