प्रतापगढ़ : पुलिस व बदमाशों की मुठभेड़ में तीन लुटेरों को लगी गोली

  • लूट की पिकअप, कार व तमंचा बरामद

प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा द्वारा चलाये जा रहे आपरेशन क्लीन के तहत बीती रात कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित एटीएल के पास पुलिस व शातिर लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन बदमाशों को पैर में गोली लगी है। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने दो दिन पहले लूटी पिकअप, एक स्विफ्ट डिजायर कार, दो तमंचा व चार खोखा बरामद किया है। तीनों घायल बदमाशों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

घटना के बारे में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेन्द्र द्विवेदी ने पत्रकारों को बताया कि 7/8 फरवरी की रात में सुल्तानपुर के सब्जी व्यापारी निशाद की पिकअप व 15 हजार रुपये व मोबाइल इन्हीं लुटेरों ने लूटकर व्यापारी को गजेहड़ा जंगल के पास फेंक दिया था। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी अभय कुमार पाण्डेय व शहर कोतवाल ने इन गिरोहों का पता लगाने का प्रयास किया तो एक लुटेरे की लोकेशन हरदोई जनपद में मिली। पुलिस वहां पहुंचकर लूटी पिकअप के साथ संदीप गुप्ता को गिरफ्तार किया। संदीप गुप्ता ने पुलिस को बताया कि इस लूटकाण्ड के अन्य सदस्य एटीएल के पास फिर किसी लूट को अंजाम देने के लिये एकत्र हैं।

इस सूचना पर पुलिस जब एटीएल पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग की। इस पर पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की जिसमें तीन लुटेरे सलमान पुत्र करम अली, पतुलकी, अंती का पुरवा, कोतवाली नगर, प्रतापगढ़, सचिन शर्मा पुत्र राम मूरत शर्मा, रामगढ़ी, अंतू, प्रतापगढ़ व गौरव पाण्डेय पुत्र स्व0 जयनारायण पाण्डेय सुखपाल नगर, कोतवाली, प्रतापगढ़ घायल हो गये। तीनों के पैर में गोली लगी है जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिला अस्पताल में भर्ती लुटेरों से अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेन्द्र द्विवेदी ने बातचीत कर अन्य लुटेरों के बारे में जानकारी ली। तीन लुटेरे अंधेरे का लाभ लेकर भाग गये।
पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है। पुलिस टीम में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक मृत्युन्जय मिश्रा, मु0आ0 तहसीलदार तिवारी, मु0आ0 राजेन्द्र प्रसाद सिंह, मु0आ0 सुरेश सिंह, मु0आ0 महेन्द्र प्रताप, मु0आ0 पंकज दुबे, आरक्षी प्रवीण, आरक्षी जागीर सिंह, आरक्षी अरविन्द दुबे स्वाट टीम, उ0नि0 घनश्याम सिंह, उ0नि0 दीप नारायण यादव, उ0नि0 दिनेश सिंह, उ0नि0 एहशानुलहक, आरक्षी प्रशान्त कुमार, आरक्षी वीरेन्द्र कुमार, आरक्षी धनन्जय कुमार, आरक्षी राजेश कुमार, आरक्षी सोनवीर सिंह, आरक्षी कृष्णकान्त, आरक्षी राजकुमार, थाना कोतवाली नगर शामिल रहे।

खबरें और भी हैं...