
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता जांचने पहुंचे पीडब्ल्यूडी (PWD) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक जरनैल सिंह के बीच तीखी झड़प हो गई। रविवार को निरीक्षण के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब आप विधायक के साथ पहुंचे वीडियोग्राफर साहिब सिंह द्वारा वीडियो रिकॉर्ड किए जाने पर कथित तौर पर मंत्री ने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की मांग को लेकर आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डीसीपी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर विवाद और मौके पर बुलावा
पीडब्ल्यूडी द्वारा तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिला सेंटर से केशवपुरम सब्जी मंडी तक सड़क का निर्माण कराया गया था, जिसका शनिवार को उद्घाटन हुआ था। अगले ही दिन आप विधायक जरनैल सिंह ने सड़क की खराब गुणवत्ता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया, जिसमें सड़क हाथ से उखड़ती दिख रही थी। विधायक का दावा है कि इसके बाद PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने उन्हें फोन कर मौके पर गुणवत्ता की जांच के लिए बुलाया।
वीडियोग्राफर का आरोप और AAP नेताओं का धरना प्रदर्शन
पीड़ित वीडियोग्राफर साहिब सिंह के अनुसार, जब वह मंत्री के सामने पूरी कार्रवाई को फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा था, तब सड़क की पोल खुलते देख मंत्री ने उनका फोन छीना, हाथ मोड़ा और थप्पड़ जड़ दिया। घटना के तुरंत बाद आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह और विधायक कुलदीप कुमार समर्थकों के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे।
रात में FIR दर्ज न होने से नाराज होकर आप कार्यकर्ता डीसीपी कार्यालय के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए। रात करीब 10:45 बजे जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया, तो महिला कार्यकर्ताओं और पुलिसबल के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।
आप नेतृत्व का हमला और अरविंद केजरीवाल का मुआयना
घटना के सामने आने के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर घटना की कड़े शब्दों में निंदा की तथा मंत्री को पद से हटाने की मांग की। अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि वह स्वयं सोमवार को मौके पर पहुंचकर सड़क का मुआयना करेंगे।
पारिवारिक अभद्रता का जवाब दिया, विधायक पर लगाया कमीशन मांगने का आरोप: प्रवेश वर्मा
दूसरी तरफ, पूरे विवाद पर सफाई देते हुए PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने थप्पड़ मारने के पीछे पारिवारिक अभद्रता को वजह बताया। मंत्री ने कहा कि आप कार्यकर्ता ने उनके परिवार के संबंध में बेहद अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज की थी, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही मंत्री प्रवेश वर्मा ने पलटवार करते हुए विधायक जरनैल सिंह पर विकासपुरी रिंग रोड निर्माण में पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों के जरिए ठेकेदारों से कमीशन मांगने के गंभीर आरोप भी लगाए।













