इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी चकरा गई। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के गुस्से और घर में होने वाले झगड़े से बचने के लिए खुद के साथ लूट और जानलेवा हमले की झूठी पटकथा लिख डाली। शख्स ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने उसे लूटकर कुएं में फेंक दिया, लेकिन जब पुलिस ने तफ्तीश शुरू की, तो मामला ‘क्राइम’ का नहीं बल्कि ‘कॉमेडी ऑफ एरर्स’ का निकला।
बावर्ची ने सुनाई थी तीन बदमाशों की खौफनाक कहानी
पूरा मामला इंदौर के सिमरोल थाना क्षेत्र का है। यहां एक होटल में बावर्ची (कुक) के रूप में काम करने वाले संजय यादव ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। संजय ने आरोप लगाया कि जब वह देर रात काम से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोका। उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर मोबाइल व बाइक लूटकर उसे पास के एक गहरे कुएं में धक्का दे दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी।
जब CCTV में ‘लुटने’ के बजाय ‘जाम’ छलकाते दिखे संजय
पुलिस की टीम ने जब घटनास्थल के आसपास और रास्ते के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, तो कहानी में जबरदस्त ट्विस्ट आया। फुटेज में संजय कहीं भी बदमाशों से घिरा हुआ नहीं दिखा, बल्कि वह एक वाइन शॉप पर आराम से शराब खरीदता नजर आया। इतना ही नहीं, वह नशे की हालत में झूमते हुए मोबाइल पर बात भी कर रहा था। पुलिस का शक गहराया और जब कड़ाई से पूछताछ हुई, तो सारा सच बाहर आ गया।
चार घंटे कुएं में गुजारे, होश आते ही याद आई ‘घरवाली’
जांच में खुलासा हुआ कि संजय ने इतनी ज्यादा शराब पी रखी थी कि वह बाइक समेत अनियंत्रित होकर खुद ही सड़क किनारे स्थित कुएं में जा गिरा। रात करीब 1 बजे से सुबह 5 बजे तक वह नशे में धुत होकर कुएं के अंदर ही पड़ा रहा। सुबह जब नशा थोड़ा उतरा और उसे होश आया, तो उसे चोटों का दर्द कम और पत्नी की डांट का डर ज्यादा सताने लगा। उसे लगा कि रात भर गायब रहने और शराब पीकर कुएं में गिरने की बात पता चली, तो घर में बड़ा बवाल होगा।
पत्नी के डर ने बना दिया ‘झूठा’, अब खाएंगे जेल की हवा!
अपनी गलती छिपाने के लिए संजय ने आनन-फानन में लूट की झूठी कहानी गढ़ ली और सीधा थाने पहुंच गया। कुएं में गिरने की वजह से उसके हाथ-पैर में जो चोटें आई थीं, उन्हें उसने ‘बदमाशों की मारपीट’ बताकर पेश किया। सिमरोल पुलिस का कहना है कि संजय के साथ कोई लूट नहीं हुई थी। पुलिस को गुमराह करने और झूठी शिकायत दर्ज कराने के आरोप में अब संजय यादव के खिलाफ वैधानिक दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.














