बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा: दर्शन कर लौट रहे परिवार की बाइक ट्रक में घुसी, पति-पत्नी और 3 मासूमों की मौत

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे-34 (NH-34) पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार बाइक पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चों समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरा परिवार मां वैष्णो देवी के दर्शन कर घर लौट रहा था, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही काल के गाल में समा गया।

वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार, घर से कुछ दूर पहले हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव धानेरा कीरत निवासी उत्तम सिंह (38) अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन करने गए थे। वहां से लौटने के बाद पूरा परिवार खुर्जा में अपने एक रिश्तेदार के घर रुका था। शुक्रवार को उत्तम अपनी पत्नी उर्मिला, बेटे निशांत, बेटी दिशा और मासूम अनायरा के साथ बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी बाइक देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत भंसौली कट के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पांचों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटनास्थल पर उमड़ी भीड़, पुलिस ने ट्रक की नंबर प्लेट बरामद की

हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर मलबे में तब्दील हो चुकी बाइक और बिखरा हुआ सामान देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। घटनास्थल से हरियाणा नंबर की एक ट्रक प्लेट बरामद हुई है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

रिश्तेदार के घर से निकलते ही रास्ते में मिला काल

मृतक उर्मिला के भाई रमेश ने रोते हुए बताया कि पूरा परिवार वैष्णो देवी की सफल यात्रा के बाद बेहद खुश था। खुर्जा में वे सभी रात में रुके और सुबह ही गांव के लिए निकले थे। उन्हें क्या पता था कि कुछ ही किलोमीटर बाद यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर बन जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही गांव धानेरा कीरत में मातम पसर गया है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment