ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: मैगी खाने के बाद एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, पति-पत्नी और 3 मासूम बच्चों के शव मिले

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र स्थित नंगला श्रीगोपाल (नगला श्री पदम) गांव से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों—पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मृतक महेश के घर के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू कर दी।

रात में नूडल्स खाकर सोए थे, सुबह बिस्तर पर मृत मिले शुरुआती जानकारी और ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी महेश, उनकी पत्नी ललिता और उनके तीन नाबालिग बच्चे शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे मैगी (नूडल्स) खाकर सोने चले गए थे। शनिवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो पड़ोसियों को शंका हुई। जब लोगों ने अंदर जाकर देखा, तो परिवार के पांचों सदस्य बिस्तर पर अचेत और मृत अवस्था में पड़े मिले। इस मंजर को देखते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।

मृतकों की पहचान:

  • महेश (पुत्र कृष्ण) – उम्र 37 वर्ष

  • ललिता (पत्नी महेश) – उम्र 35 वर्ष

  • लड्डू (पुत्र महेश) – उम्र 11 वर्ष

  • मिष्टी (पुत्री महेश) – उम्र 07 वर्ष

  • साक्षात (पुत्र महेश) – उम्र 03 वर्ष

‘फूड पॉइजनिंग’ की आशंका, खाद्य सुरक्षा विभाग और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, आला अधिकारी, एम्बुलेंस और खाद्य एवं सुरक्षा विभाग (Food & Safety Dept) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौका-ए-वारदात का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक महेश की मां और आसपास के लोगों के बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला जहरीले भोजन या ‘फूड पॉइजनिंग’ (Food Poisoning) का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के बाद ही हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha