
AI PHOTO
अमरावती। आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। हादसा चिलकलुरिपेट नेशनल हाईवे पर एक निजी ट्रैवल बस और ऑटो-रिक्शा के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद हुआ। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार्यक्रम से लौट रहे थे ऑटो सवार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग चिलकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वे एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोंडामंजुलुरु गए थे।
कार्यक्रम के बाद सभी ऑटो-रिक्शा से वेलुरु लौट रहे थे। इसी दौरान चिलकलुरिपेट नेशनल हाईवे पर उनकी ऑटो की विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही निजी ट्रैवल बस से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
दो घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल हुए 10 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
परिवहन मंत्री ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सात लोगों की मौत को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सड़क हादसों में लगातार कीमती जानें जाना चिंता का विषय है।
मंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सफर लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए होना चाहिए, न कि उनकी आखिरी मंजिल तक।
घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परिवहन विभाग के अधिकारियों को घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क पर वाहन चलाते और यात्रा करते समय सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें और सावधानी बरतें, ताकि इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।














