
Twitter par Kisan Andolan : किसान आंदोलन में माइक्रोब्लॉगिंग साइट Twitter की भूमिका पर सरकार ने उसे आड़े हाथ लिया है. IT मिनिस्ट्री और Twitter के अफसरों के बीच अहम बातचीत में सरकार ने दो टूक कह दिया है कि भारत में ऑपरेशन करना है तो यहां की IT नीति को पूरी तरह मानना होगा. इससे पहले Twitter को कहा गया था कि वह किसान आंदोलन को लेकर आपत्तिजनक Tweet करने वाले खातों को ब्लॉक करे. लेकिन Twitter ने कुछ हैंडल्स पर ही कार्रवाई की. उसने कहा था कि Tweet होते रहने चाहिए.
इसके बाद Twitter के अधिकारियों और लीगल टीम के साथ भारत सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी (IT) मंत्रालय ने अहम बैठक की, जिसमें Twitter को कहा गया है कि उसे भारतीय कानून और लोकतांत्रिक संस्थानों का सम्मान करना चाहिए. साथ ही, भारत सरकार ने अमेरिका के कैपिटल हिल और भारत के लाल किले की घटना में Twitter के अलग-अलग रवैये को लेकर भी नाराजगी जताई.
अमेरिका में कैपिटल हिल हिंसा के बाद Twitter ने एक्शन लिया था, वैसे लाल किले में जो कुछ हुआ उसके बाद नहीं लिया गया. साथ ही इस बातचीत में सरकार ने Twitter अधिकारियों को टूलकिट को लेकर भी जानकारी दी. इसमें बताया गया कि कैसे विदेश में आंदोलन को लेकर एक मजबूत प्लानिंग की गई थी. इसीलिए Twitter को भारत के खिलाफ आयोजित ऐसे कैंपेन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.
सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर (Twitter) ने भारत सरकार को बताया है कि उसने देश में 500 से अधिक अकाउंट को बंद करने के अलावा विवादित हैशटैग को भी हटा दिया है. भारत सरकार ने Twitter से भड़काऊ भाषण और विवादित हैशटैग हटाने के लिए कहा था. बता दें कृषि कानूनों (Agriculture Laws) के खिलाफ चल रहे किसानों के प्रदर्शन को लेकर गलत जानकारी फैलाने को लेकर सरकार ने कड़ा कदम उठाते हुए ट्विटर (Twitter) को भड़काऊ कंटेंट फैलाने वाले 1178 पाकिस्तानी-खालिस्तानी अकाउंट को हटाने का निर्देश दिया था.
Twitter के मुताबिक 26 जनवरी 2021 के बाद हमारी वैश्विक टीम ने 24/7 कवरेज प्रदान की है और हमने कंटेंट, ट्रेंड्स, ट्वीट्स और अकाउंटों पर निष्पक्ष रूप से कार्रवाई की, जो कि Twitter के नियमों के उल्लंघन कर रहे थे. हमारी वैश्विक नीति की रूपरेखा हर ट्वीट को नियंत्रित करती है.
1. ट्विटर नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों खातों पर कार्रवाई की, जो विशेष रूप से हिंसा, दुर्व्यवहार, नुकसान पहुंचाने की इच्छा, और धमकियों को बढ़ावा दे सकते हैं.
2. हमें कुछ टर्म्स को रोका, जो हमारे नियमों का उल्लंघन कर ट्रेंस सेक्शन में आ रहे थे.
3. गलत सूचना और भड़काऊ कंटेंट फैलाने वाले 500 से अधिक अकाउंट्स को निलंबित कर दिया.
4. गलत जानकारी फैलाने और वास्तविक दुनिया के नुकसान पहुंचाने वाले ट्वीट्स को भी हमने हटाया है, जो हमारी सिंथेटिक और मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन कर रहे थे.
भारत सरकार ने दी थी चेतावनी
सरकार की ओर से ट्विटर (Twitter) को इस मामले में आदेश का पालन न करने पर आईटी एक्ट के सेक्शन 69ए (3) के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई, जिसके बाद कंपनी एक्शन में आई है और भारत के खिलाफ चल रहे ऐसे अकाउंट बंद करने शुरू कर दिए गए हैं.















