
लखनऊ/मुरादाबाद । उत्तर प्रदेश में जारी होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान दो अलग-अलग जिलों से दुखद और स्तब्ध कर देने वाले मामले सामने आए हैं। लखनऊ के पीएसी ग्राउंड में दौड़ परीक्षा में शामिल होने आए सीतापुर के अभ्यर्थी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले में पानी की बोतल फंसने और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। वहीं, मुरादाबाद में 4800 मीटर की दौड़ पूरी करने से महज 50 मीटर पहले 27 वर्षीय कंप्यूटर साइंस इंजीनियर अभ्यर्थी की हार्ट अटैक (हृदयाघात) से मौत हो गई।

लखनऊ केस: गले में फंसी 250ml की बोतल, शरीर पर मिले 12 चोट के निशान
लखनऊ के महानगर स्थित 35वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड में मंगलवार को आयोजित होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान सीतापुर के रामकोट (मढ़िया रहीमपुर) निवासी अभ्यर्थी योगेंद्र सिंह की मौत हो गई थी। शुरुआत में अधिकारियों ने इसे सामान्य मौत बताया था, लेकिन 18 सितंबर को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सभी को चौंका दिया।
रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि योगेंद्र की मौत दौड़ के कारण नहीं, बल्कि गले में 250 मिलीलीटर की प्लास्टिक की बोतल फंसने से दम घुटने (Asphyxia) के कारण हुई थी। इसके अलावा उनके शरीर पर 12 चोट के निशान भी पाए गए हैं।
भाई ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा, CCTV फुटेज की जांच की मांग
मृतक के भाई कमल किशोर की तहरीर पर महानगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या (IPC/BNS) का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिजनों का गंभीर आरोप है कि योगेंद्र के साथ मारपीट की गई और जबरन उनके मुंह में पानी की बोतल ठूंस दी गई।
परिजनों ने भर्ती स्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और वहां मौजूद स्टाफ व अन्य अभ्यर्थियों से पूछताछ की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि घटना की निष्पक्ष जांच के लिए 5 सदस्यीय विशेष टीम का गठन कर दिया गया है।

मुरादाबाद केस: मंजिल से 50 मीटर दूर थम गईं बीटेक इंजीनियर की सांसें
उधर, मुरादाबाद के सिविल लाइंस स्थित नौंवी वाहिनी पीएसी मैदान में शुक्रवार सुबह एक और दर्दनाक हादसा हुआ। बरेली के सुभाष नगर (नई बस्ती वंशी नगला) निवासी अधिवक्ता विनोद यादव के बीटेक (कंप्यूटर साइंस) पास 27 वर्षीय बेटे शिवम यादव होमगार्ड भर्ती की 4800 मीटर की शारीरिक परीक्षा में शामिल होने आए थे।
निर्धारित 28 मिनट के समय में 12 राउंड पूरे करने थे। शिवम ने 11 राउंड सफलतापूर्वक पूरे कर लिए थे और 12वें राउंड में फिनिशिंग लाइन से महज 50 मीटर दूर थे। तभी अचानक वह ट्रैक पर बेहोश होकर गिर पड़े।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक की पुष्टि
मैदान पर मौजूद मेडिकल टीम तुरंत उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवम की मौत की वजह हार्ट अटैक (हृदयाघात) पाई गई है। होनहार बीटेक इंजीनियर की इस तरह हुई अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।












