नेपाल के एवरेस्ट बेस कैंप में दो हेलीकॉप्टर टकराकर क्रैश, भारतीय नागरिक की मौत और दो घायल; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र से एक दुखद और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. मंगलवार (3 नवंबर) की सुबह फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टरों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों हेलीकॉप्टर क्रैश हो गए. इस भीषण दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. यह टक्कर ‘फिश टेल एयर’ और ‘डायनेस्टी एयर’ कंपनियों के हेलीकॉप्टरों के बीच हुई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

nepal two helicopter collision at everast base camp death toll many injured

फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के समय हुआ भीषण हादसा

सोलुखुम्बू के पुलिस प्रमुख मौसम तमांग के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब दोनों हेलीकॉप्टर फेरिचे हेलीपैड पर उतरने का प्रयास कर रहे थे. मृतक यात्री की पहचान भारतीय नागरिक बसंत कुमार बालारामारामडु के रूप में हुई है, जो ‘फिश टेल एयर’ के हेलीकॉप्टर में सवार थे. हादसे में घायल हुए दो लोगों में एक भारतीय नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल और दूसरे न्यूजीलैंड के नागरिक शामिल हैं. दोनों घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

सामने आया दर्दनाक वीडियो: अलग-अलग दिशाओं से आते ही हुई टक्कर

सोशल मीडिया पर इस भयानक हादसे का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो हेलीकॉप्टर अलग-अलग दिशाओं से हेलीपैड की ओर आते हैं और पास पहुंचते ही उनमें जोरदार टक्कर हो जाती है. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों हेलीकॉप्टरों के परखच्चे उड़ गए. अचानक हुए इस धमाके और हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.

घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी, जांच में जुटे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही ‘सिमरिक एयर’ का एक राहत हेलीकॉप्टर बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचा. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, ‘फिशटेल एयर’ के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्ज्वल केसी उड़ा रहे थे, जबकि ‘एयर डायनेस्टी’ के हेलीकॉप्टर की कमान कैप्टन रबिंद्र प्रजापति के हाथों में थी. विमानन अधिकारी और स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद हैं और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha