अनियंत्रित कार घर में घुसी, दो बच्चों की मौके पर ही व एक की उपचार के दौरान मौत


उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे, परिजनों को दी सांत्वना व मुआवजा
भास्कर समाचार सेवा
रायपुरसादात । नगीना देहात थाना क्षेत्र के गांव लालवाला में एक अनियंत्रित कार के घर में घुसने की दुर्घटना में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक घायल किशोर की भी उपचार के दौरान मौत हो गई । घायल ग्रहस्वामी मनीराम की भी हालत नाजुक बनी हुई हैं। बढ़ापुर विधायक ने मृतको के घर पहुंच कर सांत्वना दी और सहायता स्वरूप तीन लाख पचास हजार रुपए नगद धनराशि दी। एडीएम प्रशासन और तहसीलदार मृतक बच्चों के घर पहुंचे उन्होंने भी मृतक के स्वजनो को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। शनिवार को गांव लालवाला में एक ब्रेजा कार यूके 15सी 3164 नगीना से कोटद्वार जाते समय अनियंत्रित होकर मनीराम के घर मे घुस गई थी । जिसमें मनीराम की नौ वर्षीय पुत्री मानवी और चार साल के बेटे संस्कार की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना में मनीराम व उसके भतीजे राजा पुत्र चेतराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे । घायलों को नजीबाबाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। दोनों की हालत चिंताजनक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया था। गंभीर रूप से घायल राजा 15 बर्ष की रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि मनीराम की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक तीनो के शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे, तो स्वजनो में कोहराम मच गया। मृतक के स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। गांव में एक ही परिवार के तीन की मौत के बाद शोक की लहर दौड़ गई। मनीराम के दुर्घटना में दो बच्चों की मौत के बाद एक ही बेटा रह गया है। बढ़ापुर विधायक सुशांत कुमार ने पीडितो के घर पहुँचकर मृतक के परिवार को सांत्वना दी। विधायक ने मृतक के परिवार को सहायता स्वरूप तीन लाख पचास हज़ार रुपए की धनराशि नकद दी । उन्होंने मुख्यमंत्री कोष से भी मदद दिलाने का आश्वासन दिया। रविवार को एडीएम प्रशासन विनय कुमार, तहसीलदार नगीना अवनीश त्यागी, इंस्पेक्टर बढ़ापुर अनुज कुमार तोमर व कार्यवाहक थानाध्यक्ष नगीना देहात मनोज कुमार भी मृतक बच्चो के घर पहुंचे। उन्होंने भी स्वजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। दुर्घटना में घायल चेतराम के भाई सोनू कुमार ने उत्तराखंड के कोटद्वार के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी चालक फरमान पुत्र मुस्तफा के विरुद्ध संबंधित धाराओ में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। अपर पुलिस अधीक्षक राम मर्ज ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर कार्रवाई के लिए दिशा निर्देश दिए। उन्होंने भी मृतकों के परिजनों को अपनी ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

खबरें और भी हैं...