
आगरा । थाना खंदौली क्षेत्र के गांव पीलीपोखर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। करीब एक महीने बाद घर लौटे प्रॉपर्टी डीलर पति विवेक सिकरवार ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी किरन की लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ वार करने के बाद चाकू से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। हैवानियत यहीं खत्म नहीं हुई, आरोपी ने लहूलुहान पड़ी पत्नी के कानों से कुंडल नोंच लिए और पैरों के बिछुए व चूड़ियां तक खींचकर ले गया। वारदात के बाद आरोपी पति अपने दोनों मासूम बेटों को साथ लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
घर में घुसते ही शुरू किया झगड़ा, लोहे के पाइप और चाकू से किया हमला
जानकारी के मुताबिक, चावली निवासी किसान विजेंद्र सिंह की बेटी किरन की शादी आठ साल पहले पीलीपोखर निवासी विवेक सिकरवार के साथ हुई थी। विवेक अपनी पत्नी और दो बच्चों (6 वर्षीय लक्ष्य और 4 वर्षीय मुन्नू) के साथ परिजनों से अलग रहता था। परिजनों का आरोप है कि विवेक शादी के बाद से ही मकान बनवाने के लिए मायके से रुपये लाने का दबाव बनाता था और बात-बात पर मारपीट करता था। करीब एक महीने पहले मारपीट की शिकायत थाने में दर्ज होने पर विवेक भाग गया था। सोमवार देर रात जब वह वापस लौटा, तो पूर्व-नियोजित तरीके से उसने घर में घुसते ही झगड़ा शुरू किया और लोहे के पाइप व धारदार चाकू से हमला कर किरन की जान ले ली।

गहने नोंचे और टीनशेड टूटा मिला, संघर्ष के मिले निशान
मंगलवार दोपहर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों ने भीतर जाकर देखा। बरामदे में किरन का खून से लथपथ शव पड़ा देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के शरीर और कानों पर गहने नोंचने के गहरे निशान थे, जबकि पास ही टूटा हुआ टीनशेड और लोहे के पाइप पड़े मिले, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि किरन ने जान बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया था। घटना की सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों पर चीखते-चिल्लाते हुए आक्रोश जताया कि किसी ने भी चीख-पुकार सुनकर मदद करने की कोशिश क्यों नहीं की।
ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मृतका के भाई ललित की तहरीर के आधार पर थाना खंदौली में पति विवेक, ससुर राजकुमार, जेठ भानू, भाभी नीतू, सास और एक अन्य आरोपी यश प्रधान के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है। परिजनों का आरोप है कि विवेक किरन को कई दिनों तक भूखा रखता था और मायके वालों से सख्त नफरत करता था। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।










