UP के 23 जिलों में अलर्ट: 40 किमी की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान, प्रदेश में 3-4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

तीन दिन पहले उत्तर प्रदेश पहुंचा मानसून अब सक्रिय हो गया है। राज्य के 23 जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया। प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में 3-4 दिन अभी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम में हुए बदलाव के कारण राजधानी लखनऊ का गुरुवार को तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 5.6 डिग्री कम रहा है। लखनऊ में मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि बादलों की आवाजाही अभी जारी रहेगी। रुक-रुक कर बरसात होती रहेगी।

23 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 23 जिलों में हवाएं चलेंगी। बिजली और बरसात होने का अनुमान भी है। प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर में बारिश हो रही है। इसके अलावा, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, औरैया कन्नौज, मैनपुरी, एटा, फिरोजाबाद, रामपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, मुजफ्फरनगर और बिजनौर के जिलों में भारी बरसात होने की मौसम विभाग ने संभावना जताई है।

मेरठ में अगले 7 घंटों में हो सकती है हल्की बारिश
मेरठ में शुक्रवार को आगामी 7 घंटों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। शहर में सुबह से ही बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं। गुरुवार को हुई बारिश के कारण आज भी लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष के अनुसार यह बारिश सब्जियों और खेती के लिए बहुत अच्छी है। रुक-रुक कर बारिश हो रही है इसकी वजह से वॉटर रिचार्ज हो रहा है।

मुरादाबाद, बरेली व कानपुर में बारिश
उधर, मुरादाबाद में शुक्रवार सुबह 5:30 बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई। वहीं, बरेली में आठ बजे से तेज बारिश शुरू हुई, जो 8:30 तक धीमी हो गई। बरेली में गुरुवार की पूरी रात हल्की-हल्की बूंदाबांदी होती रही है। आसमान में बदल छाए हुए हैं। कानपुर में हल्की बारिश हो रही है।

वाराणसी में बारिश से मौसम सुहाना, 20 जून तक फिर होगी बारिश
वाराणसी में गुरुवार यानी कल सुबह से देर रात तक झमाझम बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम सामान्य रहा। तापमान गुरुवार की तुलना में 2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस हो गया। हवा 3 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही है और आर्दता 86 प्रतिशत है। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि फिलहाल 20 जून तक अच्छी बारिश के आसार हैं।

मानसून आने के बाद सबसे ज्यादा बहराइच में हुई बरसात, दूसरे पर गोरखपुर

शहरबारिश (मिली. में)
लखनऊ85.3
गोरखपुर227
बनारस194
मेरठ129
बहराइच246
बरेली152
सुल्तानपुर182
झांसी42
इलाहाबाद162

कितना सक्रिय है मानसून: मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में मानसून अनुमान से ज्यादा सक्रिय है। इससे अच्छी बरसात हो रही है। नेपाल से सटे इलाकों में ज्यादा बरसात हो रही हैं।

खबरें और भी हैं...