UP Board Result 2026: यूपी बोर्ड में बेटियों का दबदबा! हाईस्कूल में 90.42% और इंटर में 80.38% छात्र पास, सीतापुर की कशिश और शिखा बनीं टॉपर

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने गुरुवार को साल 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रदेश की बेटियां किसी से कम नहीं हैं। हाईस्कूल में जहाँ 90.42% छात्र सफल रहे, वहीं इंटरमीडिएट में सफलता का प्रतिशत 80.38% रहा। शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव और बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने संयुक्त रूप से परिणाम जारी किए।

सीतापुर और बाराबंकी की बेटियों ने गाड़े झंडे: कशिश और अंशिका संयुक्त टॉपर

हाईस्कूल की मेरिट लिस्ट में इस बार कड़ी टक्कर देखने को मिली। सीतापुर के बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज की कशिश वर्मा और बाराबंकी के द मॉडर्न एकेडमी की अंशिका वर्मा ने 97.83% अंक पाकर प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, इंटरमीडिएट में भी सीतापुर का जलवा बरकरार रहा और शिखा वर्मा ने 97.60% अंकों के साथ प्रदेश की टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।

हाईस्कूल में लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ा: 6.46% ज्यादा रहा बेटियों का पास प्रतिशत

हाईस्कूल परीक्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल कुल 26,01,381 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें बालिकाओं का प्रदर्शन अद्भुत रहा, जहाँ 93.76% छात्राएं उत्तीर्ण हुईं, वहीं बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.30 रहा। छात्राओं ने लड़कों के मुकाबले 6.46% बेहतर प्रदर्शन किया है। संस्थागत (Regular) परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 90.51% दर्ज किया गया।

इंटरमीडिएट का रिपोर्ट कार्ड: 11.28% की भारी बढ़त के साथ बेटियां आगे

इंटरमीडिएट में भी सफलता की कहानी बेटियों के इर्द-गिर्द घूमती दिखी। इंटर में बालकों का पास प्रतिशत 75.04% रहा, जबकि बालिकाओं ने 86.32% के साथ बड़ी बाजी मारी। यहाँ लड़कियों ने लड़कों से 11.28% ज्यादा सफलता दर हासिल की। बता दें कि इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 55,973 परीक्षकों को तैनात किया गया था।

योगी सरकार की ‘नकल विहीन’ परीक्षा: 15 दिनों में रिकॉर्ड मूल्यांकन

माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने सफल परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप पूरी परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और नकल विहीन संपन्न हुई। इस वर्ष मूल्यांकन का कार्य भी रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच प्रदेश के 254 केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच हुई, जिसे महज 15 कार्यदिवसों में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।


UP Board 2026: टॉपर्स की गौरवशाली सूची

हाईस्कूल (High School) टॉपर्स:

स्थान नाम अंक (%) विद्यालय/जिला
प्रथम कशिश वर्मा 97.83% सीतापुर
प्रथम अंशिका वर्मा 97.83% बाराबंकी
द्वितीय अदिति 97.50% बाराबंकी
तृतीय अर्पिता, ऋषभ, परी 97.33% सीतापुर, झांसी, बाराबंकी

इंटरमीडिएट (Intermediate) टॉपर्स:

स्थान नाम अंक (%) विद्यालय/जिला
प्रथम शिखा वर्मा 97.60% सीतापुर
द्वितीय नंदनी गुप्ता 97.20% बरेली
द्वितीय श्रिया वर्मा 97.20% बाराबंकी
तृतीय सुरभि, पूजा पाल 97.00% बरेली, बाराबंकी

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment