उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) की 11 सीटों के चुनाव नतीजों और मतगणना के दौरान राज्य में सियासी संग्राम चरम पर पहुंच गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और प्रशासनिक अधिकारियों पर मिलकर मतगणना में भारी घपला करने का आरोप लगाया है। अखिलेश का दावा है कि गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी को साजिश के तहत हराने का काम किया जा रहा है। इस बीच आधिकारिक परिणामों में जहां भाजपा ने 5 सीटों पर कब्जा जमाया है, वहीं सपा ने वाराणसी और आगरा सीट जीतकर अपना दबदबा साबित किया है।
‘खोट से चुनाव जीत रही भाजपा’, अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट से करारा हमला
एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान सामने आई अनियमितताओं पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट लिखकर भाजपा सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट भाजपाइयों और संलिप्त अधिकारियों ने एमएलसी चुनाव जीतने के लिए अनैतिकता की सारी हदें पार कर दी हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि डॉ. संजयन त्रिपाठी को हराने की वजह केवल उनका सपा प्रत्याशी होना नहीं है, बल्कि इसके पीछे सत्ता पक्ष की ‘हाता नहीं भाता’ वाली संकीर्ण सोच काम कर रही है। उन्होंने चेताया कि डॉ. त्रिपाठी के उत्पीड़न और उनके आंसुओं का हिसाब शिक्षक समाज जरूर लेगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि शिक्षकों को प्रताड़ित कर उनसे चारा इकट्ठा कराने जैसा काम कराया गया है। उन्होंने ऐलान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में शिक्षक समाज भाजपा को हराकर अपना गुरु संकल्प पूरा करेगा।
‘मोदी की काशी’ में सपा का परचम, वाराणसी सीट पर लाल बिहारी यादव की बड़ी जीत
दूसरी ओर, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के घोषित परिणामों में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने शानदार जीत हासिल की है। जीत दर्ज करने के बाद लाल बिहारी यादव ने शिक्षक समाज और अखिलेश यादव की सकारात्मक कार्यशैली का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह ‘नेताजी’ (मुलायम सिंह यादव) को शिक्षकों का सच्चा संरक्षक माना जाता था, वही सोच वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी है। यूजीसी (UGC) बिल से जुड़े सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इस चुनाव पर बिल का कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि उससे जुड़े लोग आपस में विभाजित रहे। वहीं अपनी नौकरी की सुरक्षा चाहने वाले सभी शिक्षक एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहे।
आगरा में द्वितीय वरीयता के मतों से जीते सपा के आकाश अग्रवाल, भाजपा पर मारपीट का आरोप
आगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर भी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने कड़ी मशक्कत के बाद जीत दर्ज की है। प्रथम वरीयता की मतगणना में करीब 3,700 वोटों की मजबूत बढ़त बनाने के बाद डॉ. आकाश अग्रवाल ने द्वितीय वरीयता की गिनती में 50 प्रतिशत से अधिक वैध मत हासिल कर जीत हासिल कर ली। जीत की औपचारिक घोषणा के लिए निर्वाचन आयोग से अनुमति मांगी गई है। मतगणना केंद्र पर दूसरे राउंड के अंत में हुए भारी हंगामे और हाथापाई पर डॉ. आकाश अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विवाद की शुरुआत भाजपा उम्मीदवार ने की थी। उन्होंने मांग की कि काउंटिंग हॉल में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच कराई जाए, जिससे पूरी सच्चाई और हमलावरों के चेहरे बेनकाब हो जाएंगे।


















