यूपी एमएलसी चुनाव परिणाम LIVE: 11 विधान परिषद सीटों पर मतगणना शुरू; लखनऊ में 29 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज

 उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 द्विवार्षिक सीटों (5 खंड स्नातक और 6 खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) के चुनाव परिणामों के लिए वोटों की गिनती आज मंगलवार सुबह 8:00 बजे से शुरू हो चुकी है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने बताया कि पूरी मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सात प्रमुख शहरों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।

रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशन और चुनाव प्रेक्षकों की कड़ी निगरानी में वोटों की गिनती जारी है। प्राथमिकता वाले मतों की गणना के कारण अंतिम परिणाम आज देर शाम तक आने की उम्मीद जताई जा रही है।

लखनऊ से लेकर गोरखपुर तक, इन 7 केंद्रों पर हो रही मतगणना

चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित स्थानों पर रिटर्निंग ऑफिसर और प्रेक्षकों की मौजूदगी में मतपत्रों की गड्डियां बनाकर मतगणना कराई जा रही है:

  • लखनऊ स्नातक एवं शिक्षक क्षेत्र: रमाबाई रैली स्थल, लखनऊ

  • वाराणसी स्नातक एवं शिक्षक क्षेत्र: स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन, वाराणसी

  • आगरा स्नातक एवं शिक्षक क्षेत्र: नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, आगरा

  • मेरठ स्नातक एवं शिक्षक क्षेत्र: सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम, मेरठ

  • इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र: बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज, झांसी

  • बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र: संजय कम्युनिटी हॉल, बरेली

  • गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र: पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर

लखनऊ में 29 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला: 14-14 टेबलों पर जारी है गिनती

लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 29 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज होगा। इसमें स्नातक सीट से 16 और शिक्षक सीट से 13 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रदीप कुमार के अनुसार, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना के लिए 14-14 टेबल लगाई गई हैं और हर टेबल पर चार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही है और परिसर के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रत्येक टेबल पर प्रत्याशियों का एक-एक एजेंट मौजूद है।

भाजपा और सपा में कांटे की टक्कर, निर्दलियों ने मुकाबला बनाया रोचक

लखनऊ की दोनों प्रमुख सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (SP) के बीच सीधी टक्कर देखी जा रही है, जबकि कई निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में डटे हैं:

  • स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (मुख्य प्रत्याशी): भाजपा से अवनीश कुमार सिंह और सपा की कांति सिंह आमने-सामने हैं। इनके अलावा अवनीश कुमार पांडेय, अवनीश पटेल, कांति देवी, स्मिता मिश्रा समेत कुल 14 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं।

  • शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (मुख्य प्रत्याशी): भाजपा के उमेश द्विवेदी का सीधा मुकाबला सपा के सुशील कुमार से है। इसके साथ ही आशीष कुमार सिंह, जितेंद्र नाथ मिश्र, धीरेंद्र सिंह और डॉ. रवींद्र कुमार त्रिपाठी समेत 11 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha