
औरैया- फफूंद थाना क्षेत्र में बीती देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सराफ की गोली मारकर हत्या कर दी और उसका जेवरों से भरा बैग लूट कर फरार हो गये! घटना स्थल पर पहुंची पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई है! जानकारी के मुताबिक गांव बरौआ निवासी तेज सिंह कुशवाहा पुत्र विशंभर दयाल औरैया में फफूंद रोड पर सराफा की दुकान किए हुए हैं। बीती शाम लगभग 6.30 बजे दुकान बंद कर बाइक से पुत्र अभय के साथ घर जा रहे थे। तभी बीच रास्ते में बाइक सवार तीन लुटेरों ने बाइक आगे लगाकर हाथ में जेबरातों से भरा थैला मांगा। जब उन्होंने मना कर दिया तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। घटना के दौरान मौजूद अभय ने बताया कि लुटेरों ने पिता को गोली मारने के बाद उन लोगों को भी दौड़ाया।
लेकिन वह किसी तरह से वहां से भाग निकले। गोली लगने की जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलावस्था में सराफा को 50 शय्या युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय जिला अस्पताल पहुंचे। लेकिन आक्रोशित परिजन इसके बाद भी सराफ के शव को प्राइवेट एंबुलेंस से कानपुर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अपर्णा गौतम, एएसपी शिष्य पाल, सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव जिला अस्पताल पहुंचे। उधर एसपी ने बाइक सवार लुटेरों की धरपकड़ को पुलिस टीमें की रवाना कर दबिश शुरू कर दी है!









