वाशिंगटन/इडाहो। अमेरिका के इडाहो प्रांत में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहाँ आयोजित एक लोकप्रिय एयर शो के दौरान अमेरिकी नौसेना के दो अत्याधुनिक फाइटर जेट हवा में क्रैश हो गए। यह दर्दनाक हादसा इडाहो स्थित ‘माउंटेन होम एयर फोर्स बेस’ पर ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान लाइव प्रदर्शन के समय हुआ। हादसे के बाद आसमान में धुएं का गुबार छा गया और हजारों दर्शकों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में विमानों के टकराने के बाद आसमान में 4 पैराशूट खुलते हुए देखे गए हैं। इससे यह प्रबल संभावना जताई जा रही है कि दोनों विमानों के चारों क्रू मेंबर वक्त रहते ‘इजेक्ट’ करने में कामयाब रहे और सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि, उनकी स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अमेरिकी नौसेना के EA-18G ग्रोलर विमान हुए क्रैश, एयर फोर्स बेस पर लगा लॉकडाउन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, क्रैश होने वाले दोनों लड़ाकू विमान अमेरिकी नौसेना के ‘EA-18G ग्रोलर’ (EA-18G Growler) फाइटर जेट थे। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस के प्रवक्ता ने बताया कि हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:50 बजे हुआ। घटना के तुरंत बाद सभी इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स और राहत दल को मौके पर रवाना किया गया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे एयर फोर्स बेस को लॉकडाउन कर दिया गया। माउंटेन होम पुलिस डिपार्टमेंट ने दोपहर करीब 1:20 बजे एक आपातकालीन नोटिस जारी कर एयर शो के बाकी बचे सभी कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की जानकारी दी। सैन्य अधिकारियों ने हादसे के कारणों की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।
8 साल बाद हो रहा था एयर शो, 2 साल से चल रही थीं तैयारियां
आपको बता दें कि माउंटेन होम बेस पर यह ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ पूरे 8 साल के लंबे इंतजार के बाद आयोजित किया जा रहा था। इस भव्य आयोजन की तैयारियां पिछले 2 साल से चल रही थीं। अमेरिकी सेना के जांबाज पायलटों के खतरनाक एरियल डेमोंस्ट्रेशन और सैन्य विमानों हैरतअंगेज करतब देखने के लिए बेस पर हजारों की संख्या में आम लोग और बच्चे पहुंचे थे, लेकिन इस हादसे ने खुशियों के माहौल को दहशत में बदल दिया।
BREAKING: 2 U.S. Navy Super Hornets/Growlers crash and collide during Gunfighter Skies Air Show at Mountain Home Air Force Base in Idaho.
Aviation sources tell KTVB that both aircrews ejected safely. pic.twitter.com/GPsdrwTFWq
— Open Source Intel (@Osint613) May 17, 2026
इस विमान दुर्घटना ने माउंटेन होम एयर शो के इतिहास में हुए पुराने हादसों की काली यादें भी ताजा कर दी हैं। इससे पहले साल 2018 में इसी एयर शो के दौरान एक हैंग ग्लाइडर पायलट रनवे पर क्रैश का शिकार हो गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। वहीं, साल 2003 में भी एयर शो के दौरान अमेरिकी वायुसेना की प्रसिद्ध थंडरबर्ड्स टीम का एक जेट क्रैश हुआ था, हालांकि उस हादसे में भी पायलट सुरक्षित बच निकलने में कामयाब रहा था।
600 करोड़ का है एक फाइटर जेट, दुश्मन के रडार और डिफेंस सिस्टम को कर देता है ठप
अमेरिकी रक्षा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी बोइंग (Boeing) के अनुसार, EA-18G ग्रोलर अमेरिकी नौसेना का सबसे एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर एयरक्राफ्ट (Electronic Warfare Aircraft) है। इसे F/A-18 सुपर हॉर्नेट के बेहद मजबूत प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। अलग-अलग कॉन्फिगरेशन और हथियारों के हिसाब से इसके एक विमान की कीमत करीब 65 से 70 मिलियन डॉलर (यानी करीब 550 से 600 करोड़ रुपये) मानी जाती है।
इस विशेष विमान में 2 क्रू मेंबर बैठते हैं, जिसमें एक पायलट होता है और दूसरा इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर ऑफिसर। इस विमान का मुख्य काम युद्ध के समय दुश्मन के रडार, कम्यूनिकेशन सिस्टम और एयर डिफेंस नेटवर्क को पूरी तरह से जाम (Jam) करके अपनी सेना के लिए रास्ता साफ करना होता है। ऐसे में दो विमानों के क्रैश होने से अमेरिकी सेना को भारी आर्थिक और रणनीतिक नुकसान पहुंचा है।
हादेस से जुड़ी 3 तस्वीरें…


















