मेरठ के उत्तरी क्षेत्र में आरंभ हुआ वायाडक्ट का निर्माण

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। जनपद के दक्षिणी क्षेत्र में आरआरटीएस और मेट्रो कॉरिडोर के वायाडक्ट निर्माण में प्रगति के बाद अब उत्तरी हिस्से में भी वायाडक्ट निर्माण का आरंभ कर दिया गया है। एमईएस कॉलोनी और दौरली स्टेशन के बीच हाल ही में असेंबल की गई तारिणी (लॉन्चिंग गैन्ट्री) ने सेगमेंट लिफ्टिंग के साथ वायाडक्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

मीडिया प्रवक्ता ने बताया, तारिणी द्वारा गर्डर के सेगमेंट्स को लिफ्ट करके पिलर पर फिट किया जा रहा है। इस तारिणी ने लगभग 3 किमी लंबे वायाडक्ट का निर्माण शुरू किया है, जो एमईएस कॉलोनी और दौरली स्टेशन के मध्य से मेरठ नॉर्थ स्टेशन तक बनाया जाएगा। मेरठ में तीसरा स्थान है, जहाँ वायाडक्ट का निर्माण करने के लिए तारिणी लगाई गई है। इससे पहले, रिठानी और शताब्दी नगर स्टेशन के बीच में लगभग 3 किलोमीटर लंबे वायाडक्ट का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है। वहीं शताब्दी नगर और ब्रह्मपुरी के बीच लगभग 2 किलोमीटर लंबे वायाडक्ट का निर्माण भी तेज़ी से प्रगति कर रहा है। मेरठ के एलिवेटेड हिस्से के निर्माण के लिए लगभग 650 पिलर्स का निर्माण किया जाना है, जिनमें से लगभग 400 पिलर्स का निर्माण पूरा हो चुका है। तैयार हो चुके पिलर्स पर तेज़ी से वायाडक्ट का निर्माण कार्य किया जा रहा है।  

तारिणी को पिलर के ऊपर किया जाता है स्थापित
 प्रवक्ता ने बताया, एलिवेटेड कॉरिडोर के वायाडक्ट निर्माण के लिए लॉन्चिंग गैन्ट्री (तारिणी) का प्रयोग किया जाता है। तारिणी को पिलर के ऊपर स्थापित किया जाता है, जहाँ से यह गर्डर के विभिन्न सेगमेंट्स को उठाकर उसे आपस में जोड़ती है। ये सेगमेंट लगभग 50 से 60 टन भारी होते हैं। यह तारिणी वायाडक्ट के निर्माण के साथ-साथ आगे बढ़ती जाती है। 

शहर में बन रहा 21 किमी का मेट्रो सिस्टम
उन्होंने बताया, मेरठ शहर में 21 किलोमीटर का मेट्रो सिस्टम बनाया जा रहा है, जिसमे 13 स्टेशन होंगे। मेट्रो नेटवर्क रीजनल रैपिड ट्रांसिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर के बुनियादी ढांचे पर ही संचालित होगी। मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों पर आरआरटीएस ट्रेनों के रुकने का भी प्रावधान होगा, जहां से मेरठ मेट्रो के यात्री आरआरटीएस की यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।

खबरें और भी हैं...