वृंदावन : संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में शिष्य की संदिग्ध मौत, चौथी मंजिल से गिरने के बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम

वृंदावन  । धर्मनगरी वृंदावन से एक दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। प्रख्यात संत प्रेमानंद महाराज के श्री हित राधा केली कुंज आश्रम से जुड़े एक शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक शिष्य की पहचान रसिक दुलारी शरण महाराज के रूप में हुई है, जो आश्रम परिसर स्थित ‘गुरु कृपा कुंज’ में निवास कर रहे थे। गुरुवार शाम भवन की चौथी मंजिल की छत से संदिग्ध अवस्था में नीचे गिरने के बाद उन्हें गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही वृंदावन पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

चौथी मंजिल से गिरने पर हुए थे गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में हुई मौत

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम रसिक दुलारी शरण महाराज भवन की चौथी मंजिल की छत पर गए थे। कुछ ही देर बाद वह रहस्यमयी परिस्थितियों में छत से नीचे आ गिरे। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आश्रम के लोग मौके पर एकत्र हुए और आनन-फानन में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के भरपूर प्रयासों के बावजूद शुक्रवार को उनकी जीवनलीला समाप्त हो गई।

जबलपुर के रहने वाले थे दीपक, 2015 में ली थी दीक्षा

पुलिस जांच में सामने आया है कि संत रसिक दुलारी शरण महाराज का मूल नाम दीपक था और वह मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के रहने वाले थे। उन्होंने सितंबर 2015 में वैराग्य धारण कर दीक्षा ली थी, जिसके बाद उन्हें ‘रसिक दुलारी शरण’ नाम मिला था। जून 2026 से वह संत प्रेमानंद महाराज के मार्गदर्शन में गुरु कृपा कुंज में रह रहे थे। इस परिसर में संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े करीब 50 से अधिक अन्य शिष्य भी साधना करते हैं। घटना के समय वह अपने कमरे में अकेले ही मौजूद थे।

प्रथम दृष्टया खुदकुशी की आशंका, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और फिंगरप्रिंट्स व अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि सर्वोदय अस्पताल से पुलिस को घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जबलपुर स्थित उनके परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।

सीओ संदीप सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह और मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आश्रम के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha