भारत-जापान ऐतिहासिक T20 मुकाबले पर मौसम का साया, टाइफून डुआजुन से बढ़ी चिंता; टीम इंडिया का अभ्यास रद्द

नई दिल्ली। भारत और जापान के बीच 22 सितंबर को होने वाले ऐतिहासिक T20 इंटरनेशनल मुकाबले पर खराब मौसम का खतरा मंडराने लगा है। जापान में सक्रिय टाइफून डुआजुन के असर से कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। मौसम की स्थिति को देखते हुए टीम इंडिया को मुकाबले से एक दिन पहले अपना ट्रेनिंग सेशन भी रद्द करना पड़ा। ऐसे में सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले इस मुकाबले के आयोजन को लेकर फैंस की चिंता बढ़ गई है।

श्रेेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम जापान के खिलाफ एकमात्र T20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलेगी। पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह दोनों देशों के बीच पहली भिड़ंत होगी। इस मुकाबले को सुजुकी कप नाम दिया गया है। भारत और जापान के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित किए जा रहे इस मैच को लेकर दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह है।

टाइफून डुआजुन से जापान में बिगड़ा मौसम

21 सितंबर को टाइफून डुआजुन जापान के प्रशांत तट की ओर बढ़ रहा था। इसके प्रभाव से कांटो क्षेत्र में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने तूफान के आगे बढ़ने के साथ मौसम और खराब होने की चेतावनी दी है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 सितंबर को सानो शहर में दिन के समय बारिश की संभावना काफी अधिक है। ऐसे में मैच के दौरान भी बारिश का खतरा बना हुआ है। हालांकि, मुकाबला तय समय पर होगा या मौसम के कारण प्रभावित होगा, यह परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

पूर्वी जापान के कई हिस्सों में पहले ही भारी बारिश दर्ज की जा चुकी है। इजु द्वीप समूह और प्रशांत तट से लगे कुछ इलाकों में 19 सितंबर से 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी भारी बारिश की आशंका जताई है।

अचानक बाढ़ का भी खतरा

कांटो और मध्य जापान के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश वाले सिस्टम बनने की संभावना जताई गई है। इससे कुछ क्षेत्रों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने का खतरा भी बताया गया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन पर असर पड़ा है।

खराब मौसम का असर परिवहन सेवाओं पर भी देखने को मिला है। 21 सितंबर को जापान में कम से कम 275 उड़ानें रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई। कई इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

एशियन गेम्स के मुकाबलों पर भी असर

टाइफून का असर एशियन गेम्स की तैयारियों पर भी पड़ा है। खराब मौसम के कारण सोमवार को घुड़सवारी से जुड़े कुछ मुकाबले स्थगित करने पड़े। अब इन मुकाबलों को 22 सितंबर को आयोजित करने की योजना है।

भारत-जापान T20 मुकाबला भारतीय टीम के लिए एशियन गेम्स से पहले अहम तैयारी मैच है। भारतीय टीम 28 सितंबर से एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत करेगी और क्वार्टर फाइनल में उतरेगी।

भारत ने पिछले एशियन गेम्स में T20 क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा भारतीय टीम मौजूदा T20 विश्व चैंपियन भी है। ऐसे में जापान के खिलाफ होने वाले इस ऐतिहासिक मुकाबले को लेकर टीम इंडिया की तैयारियों और अब मौसम की स्थिति, दोनों पर नजर बनी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha