
देशभर से मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 20 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है. इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात (बिजली गिरने) की भी चेतावनी जारी की गई है. हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निवासियों को फिलहाल बारिश से राहत मिलती दिख रही है.
दिल्ली में 25 सितंबर तक साफ रहेगा मौसम, छाए रहेंगे हल्के बादल राजधानी दिल्ली में आज आसमान में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. कल यानी 21 सितंबर से दिल्ली-एनसीआर में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 25 सितंबर तक दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है और इस दौरान धूप खिली रहेगी.
उत्तर प्रदेश में येलो अलर्ट जारी, बिहार और झारखंड में आंधी-बारिश का संकट उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज झमाझम बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने नोएडा, मेरठ, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, हापुड़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, झांसी, कानपुर, इटावा, औरैया, सीतापुर, हरदोई, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. वहीं, बिहार और झारखंड के भी विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
राजस्थान, मध्य प्रदेश और पंजाब में भी बदलेगा मौसम का मिजाज मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, रायसेन, सागर, छतरपुर, कटनी और नर्मदापुरम सहित कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. राजस्थान के 13 जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा, पंजाब के कुछ जिलों और पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में भी हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
उत्तराखंड और हिमाचल समेत पहाड़ी राज्यों में बिगड़ेगा मौसम पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज काफी सख्त रहने वाला है. उत्तराखंड के देहरादून, चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में बारिश और तूफान की आशंका है, जहां 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर के भी कई क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है.













