Weather Update : आज यूपी-बिहार से उत्तराखंड तक भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में लगेगी ब्रेक, जानें अपने राज्य के मौसम का हाल

सितंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही देश भर में मॉनसून एक बार फिर प्रचंड रूप धारण कर चुका है। देश के बड़े हिस्से में मॉनसून की सक्रियता बढ़ने से कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में नदियां उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 सितंबर के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर में आज थमेगी बारिश, 11 सितंबर से फिर बदलेगा मौसम देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लगता दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज और कल (10 सितंबर) आसमान में केवल आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, यह राहत ज्यादा लंबी नहीं होगी। दिल्ली में 11 सितंबर से एक बार फिर मॉनसून की वापसी होगी, जिसके तहत हल्की बारिश और फिर 12 सितंबर को मध्यम बारिश का नया दौर शुरू होगा, जो 13 और 14 सितंबर तक जारी रह सकता है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में आंधी के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में मॉनसून का कहर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, शाहजहांपुर, रामपुर, उन्नाव, देवरिया, मेरठ, नोएडा, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, बहराइच, बलरामपुर, अंबेडकर नगर और गोरखपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बिहार और झारखंड के कई जिलों में भी बिजली कड़कने और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और एमपी में तेज हवाओं का दौर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। राजस्थान के कई जिलों में मॉनसून की भारी सक्रियता से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है, जहां विभाग ने भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। उधर, मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में गर्जना के साथ तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला बना रहेगा।

उत्तराखंड से कश्मीर तक पहाड़ों पर मंडराया खतरा पहाड़ी राज्यों में बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव का खतरा बढ़ गया है। उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग और नैनीताल जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश के सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में आंधी और तेज बौछारों का अलर्ट है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मौसम का हाल पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल और असम के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश में तेज सतही हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जबकि तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha