
स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर लौट रही थी छात्रा, आरोपी फरार
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। फलावदा क्षेत्र के निलौहा में बस में सवार 11वीं की छात्रा को गोली मार दी गई। दिनदहाड़े छात्रा पर हमले से हड़कंप मच गया। गोली लगते ही छात्रा घायल होकर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देकर युवक फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
फलावदा क्षेत्र के गांव पिलोना गांव निवासी छात्रा निकिता मवाना स्थित कृषक इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा है। शुक्रवार दोपहर छुट्टी होने के बाद वह प्राइवेट बस में बैठकर अपने घर वापस लौट रही थी, जैसे ही बस निलौहा के पास पहुंची तो यहां एक युवक ने बस रुकवाई और बस में चढ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, उसने सीट पर बैठी छात्रा को गोली मार दी और हवा में तमंचा लहराता हुआ फरार हो गया। गोली लगने से छात्रा घायल हो गई। दिनदहाड़े हुई वारदात से बस में हड़कंप मच गया। बस में सवार यात्रियों ने युवक को पकड़ना चाहा लेकिन, वह हथियार लहराते हुए फरार हो गया।
नाजुक बनी है छात्रा की हालत
घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया, घायल छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी लगते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ मवाना व थानाध्यक्ष फलावदा भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।












