Zaheer Khan New Head Coach Of CSK: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ज़हीर खान की इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुख्य कोच (Head Coach) के रूप में ग्रैंड एंट्री हो गई है। आईपीएल में अब तक मेंटॉर और क्रिकेट डायरेक्टर की भूमिका निभा चुके ज़हीर खान पहली बार हेड कोच का पद संभालेंगे। आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने स्टीफन फ्लेमिंग के इस्तीफे के बाद ज़हीर खान को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
स्टीफन फ्लेमिंग के इस्तीफे के बाद नए कोच की तलाश
आईपीएल 2026 का सीजन खत्म होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के लंबे समय से कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। फ्लेमिंग वर्ष 2009 से ही सीएसके के मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे थे। उनके जाने के बाद फ्रेंचाइजी को एक अनुभवी और रणनीतिक सोच वाले नए हेड कोच की तलाश थी, जो ज़हीर खान के नाम पर जाकर खत्म हुई।
धोनी की सलाह पर बनी बात, इन दिग्गजों से नाकाम रही चर्चा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ज़हीर खान सीएसके प्रबंधन की पहली पसंद नहीं थे। फ्रेंचाइजी ने कम से कम 3 अलग-अलग दावेदारों से इस पद के लिए बातचीत की थी। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के कोच रहे हेमंग बदानी भी इस दौड़ में शामिल थे। बदानी और सीएसके के बीच बातचीत हुई, लेकिन सीएसके उन्हें सिर्फ 1 साल का कॉन्ट्रैक्ट देना चाहती थी जो केवल आईपीएल तक सीमित था। बदानी लंबी अवधि और विदेशी लीगों में भी कोचिंग की जिम्मेदारी चाहते थे, इसलिए यह डील आगे नहीं बढ़ सकी।
बदानी के अलावा एक अन्य भारतीय और एक विदेशी कोच के साथ भी बातचीत नाकाम रहने के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ज़हीर खान के नाम का सुझाव दिया। धोनी की सलाह पर फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट ने तुरंत सहमति जता दी। ज़हीर खान को फिलहाल आईपीएल 2027 सीजन के लिए ही हेड कोच बनाया गया है, हालांकि उनके कॉन्ट्रैक्ट को आगे बढ़ाने का विकल्प भी रखा गया है।
जहीर खान को मिलेगी कितनी सैलरी?
सैलरी को लेकर फ्रेंचाइजी ने कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स ने नए हेड कोच के लिए 5 से 7 करोड़ रुपये की सैलरी का बजट तय किया था। माना जा रहा है कि ज़हीर खान को इसी बजट के दायरे में फीस दी जाएगी। अगर 2027 सीजन के बाद उनका कॉन्ट्रैक्ट आगे बढ़ता है, तो उनकी सैलरी में बढ़ोतरी भी की जा सकती है।













