नवी मुंबई में बड़ा हादसा: दही हांडी के दौरान मानव पिरामिड गिरने से 34 वर्षीय गोविंदा की मौत, मुंबई में अब तक 376 घायल

महाराष्ट्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित दही हांडी उत्सव के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। नवी मुंबई के ऐरोली इलाके में दही हांडी फोड़ने के दौरान मानव पिरामिड (मानव मनोरा) अचानक असंतुलित होकर गिर गया। इस हादसे में 34 वर्षीय एक गोविंदा की मौत हो गई, जिनकी पहचान स्वप्निल सदानंद नावर के रूप में हुई है। यह दर्दनाक हादसा शनिवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। वहीं, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और विभिन्न अस्पतालों से जारी आंकड़ों के अनुसार, मुंबई और आसपास के इलाकों में दही हांडी उत्सव के दौरान अब तक 376 गोविंदा घायल हो चुके हैं।

ऐरोली में दही हांडी फोड़ने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऐरोली में ‘देवीदास सौगुले दही हांडी मंडल’ द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। घणसोली गांव के रहने वाले स्वप्निल सदानंद नावर गोविंदा पथक के साथ मानव पिरामिड की ऊपरी परतों में शामिल थे। दही हांडी तक पहुंचने की कोशिश के दौरान अचानक पूरा मानव पिरामिड भरभराकर नीचे गिर गया। स्वप्निल ऊंचाई से गिरने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही खून से लथपथ होकर बेहोश हो गए। वहां मौजूद लोग उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वप्निल की मौत की खबर मिलते ही घणसोली के कोलीवाड़ा इलाके में मातम पसर गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच में जुटी टीम

घटना की सूचना मिलते ही रबाले पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रबाले पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (Accidental Death) का मामला दर्ज कर लिया है और आयोजकों द्वारा सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है। त्यौहार के बीच हुए इस दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।

मुंबई में 376 गोविंदा घायल, अस्पतालों में इलाज जारी

दही हांडी उत्सव के दौरान मुंबई और उपनगरीय क्षेत्रों में घायल हुए गोविंदाओं का आंकड़ा 376 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, कुल घायलों में से 286 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 53 गोविंदा अस्पतालों में भर्ती हैं और 37 का इलाज जारी है।

अस्पतालों और क्षेत्रों के अनुसार घायलों की स्थिति इस प्रकार है:

  • सेंट्रल मुंबई (CT) अस्पताल: कुल 183 घायल पहुंचे, जिनमें 29 भर्ती हैं, 23 का इलाज चल रहा है और 131 को डिस्चार्ज कर दिया गया।

  • ईस्टर्न सबर्ब्स (ES) अस्पताल: 62 घायल पहुंचे, 11 अस्पताल में भर्ती हैं और 51 को छुट्टी दे दी गई।

  • वेस्टर्न सबर्ब्स (WS) अस्पताल: 126 घायल आए, जिनमें 9 भर्ती हैं, 14 उपचाराधीन हैं और 103 को घर भेज दिया गया है।

मुंबई के प्रमुख केईएम (KEM) अस्पताल में सर्वाधिक 76 घायल गोविंदा पहुंचे थे, जिनमें से 18 अभी भी भर्ती हैं। इसके अलावा नायर अस्पताल, सायन अस्पताल, राजावाड़ी अस्पताल और एचबीटी ट्रॉमा सेंटर में भी बड़ी संख्या में घायल गोविंदाओं का इलाज किया जा रहा है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha