मोहनलालगंज: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात कराने वाला आरोपी गिरफ्तार, दरिंदे ने इस तरह रचा खेल, फिर. ….

मोहनलालगंज (लखनऊ): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ महीनों तक दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक युवती को बहला-फुसलाकर उत्तराखंड ले गया था, जहां उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

उत्तराखंड ले जाकर बनाया हवस का शिकार

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि डेहवा गांव का निवासी अभिषेक गौतम उसे 16 अगस्त 2025 को शादी का वादा करके अपने साथ उत्तराखंड ले गया था। वहां एक किराए के कमरे में आरोपी ने उसे करीब तीन महीने तक बंधक जैसी स्थिति में रखा। इस दौरान आरोपी लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

शादी का दबाव बनाया तो कराया गर्भपात

पीड़िता का आरोप है कि इस बीच वह गर्भवती हो गई। जब उसने अभिषेक पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने शादी करने के बजाय धोखे से पीड़िता का गर्भपात करा दिया। इतना ही नहीं, अपना मकसद पूरा होने के बाद आरोपी युवती को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। काफी समय तक सदमे में रहने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और सोमवार को पुलिस के पास पहुंचकर आपबीती सुनाई।

पुलिस की विशेष टीम ने बिछाया जाल, आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी विकास पांडेय के निर्देशन में मोहनलालगंज पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार सुबह ज्योतिनगर तिराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस ने घेराबंदी कर 20 वर्षीय आरोपी अभिषेक गौतम को गिरफ्तार कर लिया।

एसीपी का बयान: महिला सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

एसीपी विकास पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। उन्होंने कहा, “महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।” इस गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment