तरयासुजान (कुशीनगर)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने एकतरफा इश्क के जुनून में अपनी ही साली की हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह 9 बजे तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला बुजुर्ग गांव में हुई इस वारदात से पूरा इलाका दहल उठा है।
तीन गोलियों की आवाज से गूंजा घर
जानकारी के अनुसार, बिहार के गोपालगंज जिले के जितेंद्र प्रजापति की शादी महज 11 महीने पहले शंभू प्रजापति की बेटी बेबी से हुई थी। जितेंद्र मंगलवार शाम अपनी ससुराल बसडीला बुजुर्ग आया था। घर पर उसकी सास और 18 वर्षीय साली नैना कुमारी मौजूद थीं। बुधवार सुबह करीब 9 बजे अचानक घर के भीतर से लगातार तीन राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी। जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो कमरे का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
साजिश रचकर आया था दामाद
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि आरोपी जितेंद्र पहले से ही हत्या की नियत से ससुराल आया था। वह अपने साथ बिहार से एक देशी तमंचा लेकर आया था। ग्रामीणों और पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले अपनी साली नैना को गोली मारी और फिर उसी तमंचे से अपने सिर में भी गोली दाग दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
नियत भांप गई थी साली, शादी में जाने से किया था इनकार
पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग और एकतरफा झुकाव की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इसी महीने जितेंद्र के भाई की शादी होनी थी। जितेंद्र कुछ दिन पहले नैना को शादी में बुलाने आया था, लेकिन नैना ने उसकी गलत नीयत को भांप लिया था और उसकी ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर जितेंद्र ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने का फैसला किया।
कमरा तोड़कर पुलिस ने निकाले शव
एसएचओ गिरिजेश उपाध्याय ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और दोनों शवों को कब्जे में लिया। फॉरेंसिक टीम को भी सबूत जुटाने के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर कानूनी और सामाजिक पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।














