कोल्हापुर के एनसीपी विधायक मुशरिफ के ठिकानों पर ईडी का छापा, जानिए क्या है मामला

-शुगर मिल में भ्रष्टाचार का है मामला

पुणे (हि. स.)। कोल्हापुर के एनसीपी विधायक हसन मुशरिफ के हाउस पर बुधवार सुबह से ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों की छापेमारी चल रही है। यह छापेमारी शुगर मिल संबंधी भ्रष्टाचार मामले को लेकर की जा रही है।

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने पूर्व में विधायक हसन पर एक सौ करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था। इसके बाद बुधवार सुबह ईडी ने विधायक हसन के ठिकानों पर छापामारा है।खबर लिखे जाने तक कार्रवाई चल रही थी। अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिली है।

इसी के तहत गत वर्ष भी कई ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। इस छापेमारी के बाद भाजपा नेता सोमैया ने कहा था कि उन्होंने मुशरिफ के घोटाले से संबंधित कई कागजात और सबूत उपलब्ध करवाए हैं। यह छापेमारी बदले की भावना से नहीं बल्कि घोटाले का पर्दाफाश करने के लिए की गई।

मुशरिफ के पक्ष में उतरे राउत

विधायक हसन मुशरिफ के विभिन्न ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई पर सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि हसन मुशरिफ की आवाज दबाने के लिए उन पर कार्रवाई की जा रही है। एनसीपी के नेता महेश तपासे ने कहा कि हसन ने घोटाले के आरोपों को लेकर पूर्व में ही अपना स्पष्टीकरण दे दिया था, बावजूद उन्हें बार-बार परेशान किया जा रहा है।

विशेष जाति को किया जा रहा टारगेट: मु्शरिफ

ईडी की छापेमारी पर एनसीपी विधायक हसन मुशरिफ ने एक बयान जारी कर कहा कि वह किसी काम से बाहर हैं। उन्हें फोन से छापेमारी की सूचना मिली, उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह सब एक राजनीति के तहत हो रहा है। उन्हें पहले से ही किसी भाजपाई ने कहा था कि उनके घर पर छापेमारी होगी। विधायक ने कहा कि पहले नवाब मलिक ओर किरीट सोमैया ने जिस तरह से असलम शेख को टारगेट किया, उसी भांति मुझे भी उसी एक जाति को टारगेट करते हुए यह कार्यवाही की जा रही है।

खबरें और भी हैं...