ट्रेन में लड़की को देख अश्लील इशारे करने लगा मनचला: युवती ने डरने के बजाय बीच सफर में सिखाया ऐसा सबक, वीडियो वायरल

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक विकृत मानसिकता वाले युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह युवक लोक-लाज और कानून का डर छोड़कर एक युवती को भद्दे व अश्लील इशारे करता नजर आ रहा है। युवती द्वारा बार-बार चेतावनी देने और धमकाने के बावजूद जब वह अपनी नीच हरकतों से बाज नहीं आया, तो लड़की ने उसे अपने अंदाज में सबक सिखाने की ठान ली। युवती ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए आरोपी का वीडियो बना लिया और उसे इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही भारतीय रेलवे ने मामले का संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ कड़ा एक्शन शुरू कर दिया है।

विवेक एक्सप्रेस के दरवाजे पर खड़ी युवती के साथ हुई बदतमीजी

यह शर्मनाक पूरा मामला विवेक एक्सप्रेस का बताया जा रहा है, जिसमें रूपाली दीक्षित नाम की एक युवती सफर कर रही थी। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती जब ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ी थी, तभी एक युवक उसे देखकर अपनी ओछी हरकतों पर उतर आया। वह लड़की की तरफ लगातार घूरते हुए अश्लील और यौन संकेत (सेक्सुअल इशारे) करने लगा।

डरने की बजाय युवती ने ऑन किया कैमरा, ऐसे सिखाया सबक

युवती ने हिम्मत हारने या चुपचाप सहने की बजाय उस सनकी आदमी को कड़ा सबक सिखाने का फैसला किया। रूपाली ने उसे कई बार ऐसा न करने की सख्त चेतावनी दी, लेकिन जब उस पर कोई असर नहीं हुआ तो युवती ने अपने मोबाइल का कैमरा ऑन कर लिया और उसकी इस घिनौनी करतूत को रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सीधे भारतीय रेलवे को टैग कर दिया, ताकि इस मनचले के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

पीड़िता ने खुद बयां किया ट्रेन के सफर का खौफनाक मंजर

रूपाली ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में अपनी आपबीती लिखी। उन्होंने बताया, ‘आज मैं विवेक एक्सप्रेस में सफर कर रही थी। जब मैं कोच के दरवाजे पर खड़ी थी, तब एक आदमी ने मेरे साथ बेहद बदतमीज़ी की और आपत्तिजनक सेक्सुअल इशारे किए। वह शख्स गाड़ी संख्या 15228-SMVT एक्सप्रेस के इंजन से दूसरे जनरल कोच में यात्रा कर रहा था।’

रेलवे और आरपीएफ तुरंत आए एक्शन मोड में, दर्ज हुई शिकायत

वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। रेलवे सेवा की ओर से त्वरित जवाब देते हुए युवती से तत्काल उसका पीएनआर (PNR) या यूटीएस (UTS) नंबर और मोबाइल नंबर डायरेक्ट मैसेज (DM) में साझा करने को कहा गया। साथ ही यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में ‘रेल मदद’ (RailMadad) पोर्टल या 139 हेल्पलाइन के जरिए भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

इसके बाद आरपीएफ इंडिया (RPF India) ने आधिकारिक जानकारी दी कि इस मामले की शिकायत ‘रेल मदद’ पर दर्ज कर ली गई है और शिकायत संख्या पीड़िता के मोबाइल पर भेज दी गई है। वहीं, आरपीएफ ईस्टर्न रेलवे (RPF Eastern Railway) ने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर अपडेट देते हुए बताया कि शिकायत को संबंधित उच्च अधिकारियों के पास भेज दिया गया है। इस मामले में शिकायत संख्या ER-816 जारी की गई है और आरपीएफ हावड़ा डिवीजन (RPF Howrah Division) को मामले की गहन जांच कर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपने के आदेश दिए गए हैं।

भड़के सोशल मीडिया यूजर्स, बोले—ऐसे लोगों के कारण सुरक्षित नहीं महिलाएं

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर है। खासकर महिला यूजर्स इस घटना को लेकर अपनी चिंता और नाराजगी जाहिर कर रही हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘यह पूरी तरह से विकृत और बीमार मानसिकता है।’ दूसरे यूजर ने आक्रोश जताते हुए लिखा, ‘अरे यार, ऐसे ही गंदे लोगों की वजह से हमारे देश में महिलाओं के लिए अकेले सफर करना या सुरक्षित महसूस करना मुश्किल हो जाता है। सबसे दुखद बात यह है कि आसपास के लोग कुछ करते भी नहीं हैं।’ एक अन्य यूजर ने लिखा कि सार्वजनिक वाहनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों को जेल की सलाखों के पीछे भेजना बेहद जरूरी है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment