
बांका। बिहार के बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र से एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो 17 वर्षीय किशोरियों ने आपस में शादी रचा ली। इनमें से एक किशोरी ने लड़कों का वेश धारण कर अपनी ही सहेली की मांग में सिंदूर भरा और दोनों ने हमेशा के लिए एक-दूसरे के साथ रहने का फैसला कर लिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया, जिसके बाद मामले की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।
टेंट हाउस में काम करती है एक किशोरी, एक साल से चल रहा था अफेयर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों किशोरियां बेलहर क्षेत्र के एक ही गांव की रहने वाली हैं और उनके घर आसपास ही हैं। इनमें से एक किशोरी का पहनावा और चाल-ढाल लंबे समय से लड़कों की तरह ही रहा है। वह गांव में मजदूरी और टेंट-डेकोरेशन का काम भी करती है। पुलिस और परिजनों के सामने उसने खुद को लड़का बताते हुए खुलासा किया कि उन दोनों के बीच बीते करीब एक साल से प्रेम संबंध चल रहा था।
घर ले जाकर भरी सिंदूर, थाने में साथ रहने की अड़ीं
बताया जा रहा है कि रविवार को वह किशोरी अपनी सहेली को उसके घर से अपने घर ले आई, जहां दोनों ने शादी की रस्में पूरी कीं। इसी दौरान उसने अपनी सहेली की मांग में सिंदूर भरा। जब इस अनूठी शादी का पता परिजनों को चला तो विरोध शुरू हो गया। सूचना पर पहुंची बेलहर थाना पुलिस दोनों किशोरियों को थाने ले आई। थाने में दोनों लड़कियों ने पुलिस और अपने-अपने परिजनों के सामने स्पष्ट कहा कि वे एक-दूसरे के साथ ही बतौर पति-पत्नी रहना चाहती हैं।
नाबालिग होने के कारण फंसा पेंच, पुलिस कर रही काउंसलिंग
दोनों किशोरियों की उम्र करीब 17 वर्ष (नाबालिग) होने के कारण यह मामला कानूनी पचड़े में फंस गया है। बेलहर थानाध्यक्ष गौतम कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों लड़कियां और उनके परिजन थाने आए थे, जहां दोनों से अलग-अलग बातचीत की गई। पुलिस और परिजन फिलहाल दोनों नाबालिगों को समझाने-बुझाने का प्रयास (काउंसलिंग) कर रहे हैं। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मामले की संवेदनशीलता और किशोरियों की उम्र को देखते हुए नियमानुसार आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













