
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों सूरज देवता अपने पूरे शबाब पर हैं। चिलचिलाती धूप और आसमान से बरसती आग ने आम जनता के साथ-साथ विदेशी मेहमानों को भी बेहाल करना शुरू कर दिया है। ताजा मामला भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री (US सेक्रेटरी ऑफ स्टेट) मार्को रूबियो से जुड़ा है। शनिवार को दिल्ली का पारा जैसे ही 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा, अमेरिकी विदेश मंत्री भी इस भीषण गर्मी के सामने सरेंडर करते नजर आए। हालांकि, उन्होंने इस तपती गर्मी का सामना बेहद कूल अंदाज में किया और माहौल को एकदम हल्का-फुल्का बना दिया।
नए दूतावास एनेक्स के उद्घाटन में पहुंचे थे रूबियो
यह पूरा वाकया उस समय का है जब मार्को रूबियो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नए ‘यूएस दूतावास सपोर्ट एनेक्स भवन’ का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस खास मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया कर्मियों, वरिष्ठ राजनयिकों और कॉरपोरेट जगत के दिग्गज नेताओं की भारी मौजूदगी थी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रूबियो ने सबसे पहले भारत के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “आज यहां आप सभी के बीच होना सचमुच मेरे लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है।”
मियामी की उमस और दिल्ली की ‘सूखी’ गर्मी
जैसे ही रूबियो मंच पर बोलने के लिए खड़े हुए, उन्हें दिल्ली की तपिश का अहसास हुआ। तापमान का जिक्र करते हुए उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “मैं अपनी बात को बहुत संक्षेप में रखना चाहता हूं क्योंकि भाई… यहां बहुत ज्यादा गर्मी है, वाकई बहुत ज्यादा गर्मी है! हालांकि, एक राहत की बात यह है कि यहां उमस (humidity) नहीं है। मैं खुद फ्लोरिडा के मियामी शहर से आता हूं, वहां बेहद उमस वाली गर्मी होती है। लेकिन दिल्ली की इस गर्मी को देखकर मैं सोच रहा हूं कि अभी समय क्या हुआ है? अब तक तो मौसम को थोड़ा ठंडा हो जाना चाहिए था।”
मार्को रूबियो यहीं नहीं रुके, उन्होंने मुस्कुराते हुए आगे कहा, “इसीलिए मैं आप सभी को यहां इस चिलचिलाती धूप में जरूरत से ज्यादा देर तक रोककर परेशान नहीं करना चाहता।” विदेशी मेहमान के मुंह से दिल्ली की गर्मी पर इस तरह का चुटीला अंदाज सुनकर वहां मौजूद सभी राजनयिक और पत्रकार अपनी हंसी नहीं रोक पाए और पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।
📹 Can’t Take The Delhi Heat? Rubio Keeps It Brief Because ‘It’s Hot!’ https://t.co/dLSyHSahAm pic.twitter.com/99wp1N12jM
— RT_India (@RT_India_news) May 23, 2026
जब मेरे परपोते-परपोतियां भारत आएंगे…
इस भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान एक विशेष पट्टिका (Plaque) का भी अनावरण किया गया। मई 2026 की तारीख वाली इस पट्टिका पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रूबियो के नाम सुनहरे अक्षरों में अंकित थे।
अपनी नाम वाली इस पट्टिका को देखकर रूबियो बेहद भावुक और खुश नजर आए। उन्होंने मजाकिया और इमोशनल अंदाज में कहा, “यह मेरे जीवन की पहली ऐसी पट्टिका है जिस पर मेरा नाम लिखा है। आज से ठीक सौ साल बाद, जब मेरे परपोते और परपोतियां कभी भारत घूमने के लिए आएंगे, तो वे इस ऐतिहासिक पट्टिका को देखेंगे और गर्व करेंगे। यह वाकई एक बेहद शानदार और खूबसूरत अहसास होगा। इस सम्मान के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।”













