
नई दिल्ली: नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर देश की राजनीति गरमाई हुई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर जोरदार हमला बोला। राहुल गांधी ने दो टूक कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना ही होगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार सोच रही है कि उनका मंत्रालय बदल दिया जाए, लेकिन विपक्ष ऐसा कतई नहीं होने देगा।
‘नरेंद्र मोदी युवाओं से माफी मांगें, अतीत कभी भविष्य से नहीं लड़ सकता’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने साथ पीड़ित छात्रों को लेकर पहुंचे राहुल गांधी ने सीधे प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के युवाओं से माफी मांगनी ही होगी। वे भारत के अतीत हैं और अतीत कभी भविष्य से नहीं लड़ सकता।” राहुल गांधी ने कहा कि लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है और सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
20 जुलाई के प्रदर्शन में घायल 19 वर्षीय छात्र साहिल को मीडिया के सामने लाए
इससे पहले राहुल गांधी ने शुक्रवार को भी अपने आवास (10 जनपथ) पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें वे 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान घायल हुए 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचाब को मीडिया के सामने लेकर आए थे। राहुल ने धर्मेंद्र प्रधान पर कड़ा हमला बोलते हुए उन्हें हमारे एजुकेशन सिस्टम के ध्वस्त होने का प्रतीक करार दिया और कहा कि उन्हीं की वजह से आज हजारों छात्र सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
राहुल गांधी ने छात्र के हाथ, पीठ और छाती पर लगे गंभीर घावों को दिखाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से हाथ में तिरंगा लेकर विरोध दर्ज करा रहे एक छात्र पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। गौरतलब है कि 20 जुलाई को नीट पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा निकाले गए संसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में 100 से ज्यादा छात्र और पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
AIIMS में हुई सर्जरी, घायल आंख की रोशनी लौटने की संभावना सिर्फ 1%
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले साहिल लोचाब दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) के छात्र हैं। 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस की पैलेट गन का छर्रा लगने से उनकी दाहिनी आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। एम्स (AIIMS) के जयप्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में उनकी सर्जरी की गई है।
साहिल के परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने बताया है कि आंख की पुतली को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिससे उनकी दाहिनी आंख की रोशनी वापस लौटने की संभावना महज 1% ही बची है। साहिल की मां ज्योति ने बताया कि वह भविष्य में पुलिस अधिकारी बनना चाहता था और छात्रों की आवाज उठाने के लिए ही इस आंदोलन से जुड़ा था।
राहुल ने घायल छात्र की चोट दिखाईं थी; 2 तस्वीरें
















