
पानीपत की CIA-2 पुलिस ने एयरफोर्स भर्ती पेपर लीक मामले में 7वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गैंग के सरगना को कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड उपलब्ध कराए थे। जिन्हें भर्ती परीक्षा में पास कराना था। पुलिस ने रिमांड के दौरान भर्ती कराने के लिए ली गई रकम में से 4 लाख 84 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
CIA-2 प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर ने बताया कि बीती 17 जुलाई को CIA-3 पुलिस टीम ने पानीपत के गंदा नाला स्थित न्यू मॉर्डन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छापा मारकर एयरफोर्स के एयर मैन भर्ती का पेपर लीक करते सरगना समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से पेपर लीक में इस्तेमाल किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए थे।
पुलिस ने गैंग के सरगना हिसार के नारनौंद निवासी रिक्की, सोनीपत के बरौदा निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू, रोहतक के आसन निवासी धर्मवीर, दादरी के हदौड़ी निवासी अमित, चरखी-दादरी के सांतौर निवासी मदन और रोहतक के समर गोपालपुर निवासी विनोद को गिरफ्तार के रिमांड पर लिया।
रिमांड के दौरान उत्तर-प्रदेश के बागपत जिले के गांव बिजवाड़ा निवासी सुक्रमपाल का नाम भी सामने आया। सुक्रमपाल ने गैंग के सरगना रिक्की को कई बच्चों को पास कराने के लिए एडमिट कार्ड उपलब्ध कराए थे। सुक्रमपाल ने ये कार्ड रिक्की के मोबाइल पर भेजे थे। अभी तक आरोपी अपने ठिकाने बदल-बदलकर पुलिस से बचता रहा। बुधवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
रिमांड के दौरान बरामद किए गए 4.84 लाख रुपए
इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को 6 दिन के रिमांड पर लिया गया था। अन्य साथियों के बारे में पूछताछ के साथ आरोपियों से पास कराने के लिए ली गई रकम में से 4 लाख 84 हजार रुपए भी बरामद किए गए हैं। रिमांड अवधि पूरी होने पर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।













