
चांदनी बाग थाने की सेक्टर 11-12 चौकी क्षेत्र की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी युवक ने सट्टा खेलने के लिए घर रुपए न लाने और देह व्यापार से इनकार करने पर पहले पत्नी को जमकर पीटा। इसके बाद परिजनों के साथ मिलकर विवाहिता को छत से फेंक दिया। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को पहले निजी और फिर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। सेक्टर 11-12 चौकी पुलिस ने पति, सास, ससुर और बुआ के खिलाफ केस दर्ज किया है।
देवी मंदिर के पास रहने वाली 28 वर्षीय विवाहिता ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद उन्हें एक लड़का हुआ। आरोप है कि पति सट्टा खेलने और शराब पीने का आदी है। सट्टे में रुपए हारने के बाद वह मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने लगा। कई बार युवती ने अपने परिजनों से रुपए लेकर दिए।
अब हर रोज पति रुपए लाने का दबाव बनाता है और न लाने पर मारपीट करता है। पति रुपयों के लिए पत्नी पर देह व्यापार का दबाव बनाता है। आरोप है कि बुधवार शाम को पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। कैंची और डंडों से बुरी तरह पीटा। वह जान बचाकर ऊपर कमरे में भागी तो आरोपी वहां भी आ गए। फिर सभी ने मिलकर उसे छत ने नीचे फेंक दिया।
पड़ोसियों ने विवाहिता के परिजनों को फोन करके मामले की जानकारी दी। विवाहिता की बुआ अपने बेटे के साथ पहुंची और उसे पहले हैदराबादी अस्पताल और फिर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
शरीर पर चोट के 21 निशान
विवाहिता की बुआ ने बताया कि उसके शरीर पर चोट के 21 निशान हैं। विवाहिता को ऑपरेशन से बच्चा हुआ था। आरोपियों ने कैंची से ऑपरेशन को काटने का भी प्रयास किया। गला दबाकर मार न सके तो छत से फेंक दिया।












