कोरोना संकट : मास्क को पहनने-उतारने-फेंकने के दौरान बरतें सावधानी, विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

नई दिल्ली। जाहिर सी बात है कि जब तक कोरोना वायरस का खौफ मंडरा रहा है, लोग फेस मास्क का इस्तेमाल करेंगे और फिर इसे नष्ट करेंगे। हालांकि फेस मास्क का इस्तेमाल करने वाले ज्यादातर लोगों को इसे इस्तेमाल करने और नष्ट करने का सही तरीका नहीं पता है। चिकित्सा विशेषज्ञों की मानें तो फेस मास्क का उचित ढंग से इस्तेमाल ना करना या इसे सही ढंग से नष्ट नहीं करना बहुत खतरनाक है। 

सबसे पहले मास्क को लेकर भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के बारे में जानना जरूरी है। नोवल कोरोना वारयस को लेकर जारी किए गए इन निर्देशों के मुताबिक ‘हर किसी को मास्क पहनने की आवश्यकता नहीं है।’

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि मास्क केवल तभी पहनें जब,

1. “आपमें COVID-19 के लक्षण यानी खांसी, बुखार या सांस लेने में कठिनाई हों।”
2. “आप COVID-19 से प्रभावित व्यक्ति/मरीज की देखभाल कर रहे हों।”
3. “आप एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता हैं और आप इन लक्षणों से प्रभावित मरीज की देखभाल कर रहे हों।” 

मंत्रालय ने मास्क पहनने से जुड़ी सावधानियों के बारे में बताया,

  • मास्क के प्लीट को खोलें: ध्यान दें कि खोलते वक्त वह नीचे की तरफ खुले।
  • अपनी नाक, मुंह और ठोड़ी के ऊपर मास्क लगाएं और सुनिश्चित करें कि मास्क के दोनों ओर कोई गैप ना हो, ठीक से फिट करें।
  • मास्क का इस्तेमाल करते वक्त मास्क को छूने से बचें।
  • मास्क को गर्दन पर लटकता हुआ ना छोड़ें।
  • मास्क को उतारते वक्त मास्क की गंदी बाहरी सतक को न छुएं।
  • मास्क को हटाने के बाद अपने हाथों को साबुन और पानी या अल्कोहल आधारित सैनेटाइजर से धोएं।
  • मास्क के गीला होने पर या हर छह घंटे में मास्क को बदलते रहें।
  • डिस्पोजेबल मास्क का पुनः इस्तेमाल ना करें और प्रयोग किए गए मास्क को कीटाणुरहित कर बंद कूड़ेदान में डाल दें।

मास्क को लेकर जारी विस्तृत दिशा-निर्देश

एक मेडिकल मास्क अगर सही ढंग से पहना जाए तो आठ घंटों तक कारगर होता है। अगर यह पहले ही गीला हो जाए तो इसे तुरंत बदल दें।

कैसे करें मास्क को नष्ट

इस्तेमाल किया गया मास्क भी काफी खतरनाक होता है। मरीजों/सेवा करने वालों/नजदीकी व्यक्तियों को इस मास्क को पहले सामान्य ब्लीच या सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव कर संक्रमण-मुक्त करना चाहिए और फिर इसे या तो जलाकर या फिर जमीन के भीतर गहरा गाड़कर नष्ट करना चाहिए।

मास्क पहनते हैं तो जरूर ध्यान दें

नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल ग्रुप के सीएमडी डॉ. अजय त्यागी की मानें तो मास्क का गलत इस्तेमाल करना या फिर इसे गलत ढंग से फेंकना दोनों ही बहुत खतरनाक हैं।

उन्होंने कहा कि मास्क पहने वाले सभी पहले तो इसके इस्तेमाल के दौरान पूरी सावधानी बरतें और मास्क पहनने के दौरान इसे बार-बार न छुएं। मास्क को केवल इसकी डोर से ही पहने और उतारें और दोनों ही बार हाथों को जरूर धोएं या सैनिटाइज करें।

मास्क नष्ट करने को लेकर डॉ. त्यागी ने बताया कि जब आपका मास्क खराब हो जाए तो इसे पहले एक कागज के थैले में लपेंटे और फिर बंद कूड़ेदान में ही डालें। इसे आम कूड़े में या खुले में ना फेंके क्योंकि इससे संक्रमण फैलने का काफी खतरा होता है।

खबरें और भी हैं...