
उत्तर प्रदेश में कोरोना का प्रकोप फैलता जा रहा है। राज्य में हर दिन संक्रमण के रिकॉर्ड केस सामने आ रहे हैं। वहीं इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया और मरकजी चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने एलान किया है कि 14 अप्रैल को पहला रोजा रखा जाएगा। यही नहीं उन्होंने सभी मुस्लिमों से अपील की है कि घर पर रहकर ही नमाज पढ़ें और कोविड 19 को लेकर सरकार की गाइडलाइंस का पालन करें।
मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बताया कि 12 अप्रैल को मरकजी चांद कमेटी ने आसमान में रमजान का चांद देखने की कोशिश की थी लेकिन चांद नहीं दिखा था। जिसके बाद उन्होंने एलान किया था कि रमजान के पहला रोजा 14 अप्रैल को रखा जायेगा। जिसके लिए घर परिवार में अभी से तैयारियां शुरू हो गयी हैं।
कोविड 19 को लेकर सभी से की अपील
यही नहीं मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कोविड 19 को लेकर रमजान में सरकार की गाइडलाइन को फॉलो करने की सभी मुस्लिमों से अपील की है। उन्होंने कहा है कि सभी अपने घरों में नमाज पढ़ें। चूंकि इस वक्त सरकार का आदेश है कि सभी धार्मिक स्थलों में 5 से ज्यादा लोग एक साथ इबादत नहीं कर सकते जबकि रमजान में तरावीह पढ़नी होती है। ऐसे में उन्होंने सभी को घर मे सुरक्षित रहकर नमाज पढ़ने की अपील की है।
उत्तर प्रदेश में बेकाबू हो रहा कोरोना
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर की स्थिति उत्तर प्रदेश में बेहद भयावह हो चुकी है। अप्रैल माह में इसका रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। इस महीने में अभी 13 दिन ही हुए हैं कि इसका संक्रमण सात गुना बढ़ गया है।
बीते 24 घंटे की टेस्ट रिपोर्ट तो बेहद ही डराने वाली है। उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में 18021 नए संक्रमित मिले हैं। सोमवार को जहां 13685 नए संक्रमित मिले थे, वहीं मंगलवार को इनकी संख्या में 4336 का इजाफा हो गया।
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 18,021 नए केस आए हैं। इनमें भी लखनऊ का आंकड़ा पांच हजार पार कर गया है। लखनऊ में सोमवार को 3892 संक्रमित मिले थे तो आज इनकी संख्या 5382 है। लखनऊ को टक्कर देने वाले प्रयागराज ने एक बार फिर वाराणसी को पीछे छोड़ दिया है।













