राजस्थान में ऐसे तो भयावह हो जायेगा कोरोना, 9 जिलों में हालात बेकाबू, जोधपुर में ऑक्सीजन न मिलने से मरीज की मौत

राजस्थान में कोरोना तेजी से फैल रहा है। पिछले 16 दिनों में राज्य में 62,160 नए मरीज मिले हैं, ये पिछले साल सितंबर-अक्टूबर में मिले मरीजों से भी ज्यादा हैं। राज्य में सबसे ज्यादा 71,130 मरीज नवंबर में आए थे। अभी जिस तेजी से मरीज बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए नवंबर का रिकॉर्ड भी दो-तीन दिन में टूट जाएगा।

राज्य में शनिवार को कोरोना मरीजों की कुल संख्या 4 लाख के पार जा सकती है। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शुक्रवार शाम से पूरे प्रदेश में वीकेंड लॉकडाउन लगा दिया गया है, जो सोमवार सुबह तक रहेगा।

जोधपुर में ऑक्सीजन की कमी से मरीज की मौत

जोधपुर के मंडोज जिला अस्पताल में भी मिस मैनेजमेंट का एक मामला सामने आया है। यहां भर्ती एक मरीज को ऑक्सीजन की सख्त जरूरत थी, लेकिन ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। वहां बाद में पता चला कि एक ऑक्सीजन सिलेंडर ओटी रूम में था, लेकिन किसी को ध्यान नहीं रहा। जोधपुर में कोरोना केसों की बात करें तो कल शुक्रवार को रिकॉर्ड तोड़ केस मिले हैं। यहां पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा 1144 मरीज मिले।

उदयपुर में बेड्स उपलब्ध होने के बाद भी भटक रहे मरीज
उदयपुर में भी मिस मैनेजमेंट के हालात देखने को मिल रहे हैं। यहां कुछ अस्पतालों में बेड्स खाली होने के बावजूद मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा। लोग बेड समेत दूसरी दिक्कतों के लिए अस्पताल अधीक्षक और CMHO से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन वे किसी का फोन नहीं उठा रहे हैं।

उदयपुर में कई अस्पतालों में न तो मरीजों को भर्ती किया जा रहा और न ही उन्हें दूसरी सुविधाएं मिल रही है। ऐसे में मरीजों के परिजन इधर-उधर अस्पतालों में भटक रहे हैं। उदयपुर में कोरोना मरीजों की संख्या किस तेजी से बढ़ रही है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां बीते 16 दिन के अंदर 7,606 मरीज मिले हैं, जबकि 31 मार्च तक उदयपुर में कुल मरीजों की संख्या 13,292 ही थी।

पूरे राज्य में 24 घंटे में 7,000 से ज्यादा मरीज
राजस्थान में कोरोना की स्थिति देखें तो बीते 24 घंटे के अंदर 7,359 मरीज मिले हैं, जो नया रिकॉर्ड है। राज्य में बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए ऑक्सीजन की खपत तेजी से बढ़ गई है। ऐसे में सरकार ने तमाम कलेक्टरों को 300 से ज्यादा डी-टाइप मेडिकल ऑक्सीजन के भरे हुए सिलेंडर का बफर स्टॉक रखने के आदेश दिए हैं। बिजली कंपनियों को ऑक्सीजन जेनरेट करने वाले प्लांट्स को 24 घंटे बिना 3 फेज सप्लाई देने के लिए कहा है, ताकि प्लांट में ऑक्सीजन का प्रोडेक्शन न रुके।

9 जिलों में हालात बेकाबू, रेड जोन में आए
राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, कोटा, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, भीलवाड़ा, डूंगरपुर और बारां ऐसे जिले है, जो रेड जोन में आ गए हैं। इन जिलों में अप्रैल में संक्रमण की दर 10% से ज्यादा दर्ज की गई है। सबसे खराब स्थिति उदयपुर में है। अप्रैल के शुरूआती 13 दिनों में यहां संक्रमण की दर 18% से ऊपर दर्ज हुई है।

राज्य में कोरोना की स्थिति

अब तक कुल मरीज: 3,95,309

ठीक हुए: 3,38,424

मौतें: 3,072

एक्टिव केस: 53,813

खबरें और भी हैं...