कानून के हाथ लंबे : दरगाह में आग लगाने का आरोपी इकराम उर्फ भूरा धरा गया

शहजाद अंसारी
बिजनौर। बाबा शाह कमाल पुरैनी की दरगाह को आग लगाकर क्षतिग्रस्त करने के मामले को नगीना पुलिस ने चुनौती के रूप में लेकर शातिर अपराधी को धर दबोचा है। शातिर ने मन्नत पूरी न होने पर नशे की हालत में दरगाह में आग लगा दी थी। मामले का जल्द खुलासे से क्षेत्र में नगीना पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा हो रही है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया ।


जानकारी के अनुसार थाना नगीना के धामपुर रोड पर पुरैनी के पास जमालपुर मख़लूत में बाबा शाह कमाल की प्रसिद्ध दरगाह है। 23/24 अगस्त की रात्रि में दरगाह में आग लगाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं व आम जनता में रोष व्याप्त हो गया था। एसपी धर्मवीर सिंह के अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान और एसपी देहात के निर्देशन में सीओ नगीना सुमित शुक्ला व कोतवाल कृष्ण मुरारी दोहरे ने इसे चुनौती के रूप में लिया और मामले के शीघ्र खुलासे में जुट गए। कोतवाल कृष्ण मुरारी दोहरे की टीम के तेजतर्रार एसआई अजय कुमार कॉन्स्टेबल सोमेश व सतनाम के साथ मिलकर सुरागरसी में लगे हुए थे कि 12 सितम्बर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम पुरैनी की पीएचसी के पास से एक शातिर को पकड़ा जिसने पूछताछ में अपना नाम इकराम उर्फ भूरा पुत्र खलील निवासी ग्राम बहेड़ा सादात थाना ककरोली जिला मुजफ्फरनगर हाल निवासी ग्राम पाडली बसेड़ा थाना धामपुर बताया। 

कोतवाल कृष्णमुरारी दोहरे के अनुसार आरोपी इकराम मुजफ्फरनगर का शातिर अपराधी है जिसपर 8 मुकदमें जनपद मुजफ्फरनगर में दर्ज हैं आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अक्सर बाबा शाह कमाल की दरगाह पर आता रहता था आरोपी ने मज़ार पर कई बार मन्नत मांगी थी लेकिन उसकी मन्नत पूरी न होने पर नशे में दरगाह हज़रत शाह कमाल बाबा की दरगाह में चादरों में आग लगा दी जिससे मज़ार की चादरें व कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया था। घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से भाग गया था। आरोपी के पकड़े जाने से नगीना कोतवाल कृष्ण मुरारी दोहरे, एस आई अजय कुमार व उनकी टीम की सक्रियता की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। पुलिस ने शातिर इकराम का चालान कर उसे जेल भेज दिया है।

खबरें और भी हैं...