
कानपुर देहात। (आरएनएस ) झींझक कस्बे में बाइक पर लिफ्ट देकर दो शातिरों ने ललैली फतेहपुर के एक बुजुर्ग की जेब से 56 सौ रुपए पार कर दिए। इसके बाद क्रासिंग के पास उनको उतारकर बाइक सवार फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की छानबीन व टप्पेबाजों की तलाश शुरू की है।
ग्राम कुर्रा कनक थाना ललौली फतेहपुर निवासी राम औतार (80) दो दिन पहले रूरा थान क्षेत्र के अंगदपुर गांव में अपनी बड़ी बेटी मुन्नी देवी के यंहा आए थे। यहां से मंगलवार को वह मंगलपुर थाना क्षेत्र के गढ़िया संदलपुर में रहने वाली अपनी छेटी पुत्री के यहां जा रहे थे। बस से झींझक नहर पुल पर आने के बाद वह पैदल रेलवे क्रासिंग की ओर जा रहे थे।
इसी बीच बाइक से आए दो युवकों ने उनको रोका। बातों में उलझाने के बाद दोनों ने उनको गढिया संदलपुर तक छोड़ने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद पीछे बैठे शातिर ने उनके जेब में पड़े 56 सौ रुपए पार कर लिए। इसके बाद झींझक रेल क्रॉसिंग के पास बाइक खराब होने की बात कहकर उनको उतार दिया। नीचे उतरने के बाद जब उनकी निगाह जेब पर गई तो रुपए गायब देख वह सन्न रह गए। इस पर उन्होंने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग कुछ समझ पाते बाइक सवार वहां से फरार हो गए। पीड़ित बुजुर्ग ने झींझक चौकी पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मामले की छानबीन शुरू की। चौकी इंचार्ज झींझक ने बताया कि घटना की छानबीन व बाइक सवार टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है।












