
हमीरपुर । विधानसभा की दोनों सीटों के लिए मतगणना के लिए जहां तैयारी पूरी हो गई है वहीं फैसले की घड़ी आते ही यहां सपा, भाजपा समेत अन्य उम्मीदवारों की धड़कने भी बढ़ गई है। कयास भी लगाए जा रहे है कि बहुत की कम वोटों के अंतर से यहां शह और मात देने का खेल हो सकता है।
हमीरपुर सदर विधानसभा सीट के लिए भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस समेत नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे वहीं राठ विधानसभा सीट के लिए मौजूदा विधायक मनीषा अनुरागी भाजपा से व सपा से चन्द्रवती वर्मा समेत आठ प्रत्याशी चुनावी महासमर में थे।
हमीरपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में 63.43 फीसदी मतदान हुआ था जबकि राठ क्षेत्र में 64.64 फीसदी मतदान हुआ था। कल गुरुवार को दोनों सीटों चुनाव की मतगणना सुमेरपुर स्थित नवीन गल्ला मंडी में कराए जाने के लिए प्रशासन ने हर स्तर पर बड़ी तैयारी कर ली है। इधर दोनों सीटों में कौन बाजी मारेगा इसे लेकर गांव की चौपालों में लोग गुणा भाग में जुट गए है। सट्टे भी लगाए जा रहे है। वैसे देखा जाए दोनों सीटों के लिए अबकी बार चुनाव परिणाम चौंकाने वाले आ सकते है।
दोनों ही सीटों पर भाजपा औैर सपा के बीच कहीं न कहीं सीधी टक्कर हुई है जिससे कयास लगाए जा रहे है कि जीत हार का अंतर बहुत ही कम वोटों से हो सकता है। फैसले की घड़ी आते ही भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस समेेत 17 उम्मीदवारों की धड़कने बढ़ गई है। प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने आज शाम मंदिरों में माथा भी टेका है।













