
सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 132 शिकायते, पांच शिकायतो का मौके पर किया गया निस्तारण
दैनिक भास्कर/मसरुर खान
इटावा। तहसील भरथना सभागार में जिलाधिकारी श्रुति सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसएसपी जय प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय आदि की मौजूदगी में सब्जी यूनियन अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने अन्य कई साथियों के साथ सब्जी फड़ लगाए जाने के लिए स्थान चिन्हित करने की गुहार लगाई। उनका कहना है कि अतिक्रमण के नाम पर हम लोगो के खिलाफ कार्यवाई की जा रही है, ऐसे में जीवकोपार्जन की समस्या आ रही है। मेढ़ी दुधी गांव के रमेश चंद्र ने गांव में विपक्षीगण द्वारा नाले के पूर्वी कोने पर जबरन बोरिंग कराकर कमरा बनाए जाने, ऊमरसेन्डा गांव के ईशु तिवारी ने गांव में अपात्रजनो को पशु शेड निर्माण की धनराशि वितरण करने से रोकने, इकारपुर गांव के अजय कुमार ने संविदा कर्मी की नॉकरी लगाए जाने के नाम पर नामजद व्यक्ति द्वारा एक लाख 40 हजार रुपए की ठगी किए जाने, कुतुबपुर रवींद्र कुमार ने घूरे के गड्डो से चकरोड निकालने से रोकने को लेकर, हाजीपुर गांव के प्रवेश कुमार ने बिबौली पंचायत में विकास कार्य के अभिलेखों के हेराफेरी का आरोप लगाते हुए तत्कालीन सचिव व अन्य संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने, कँधेसी पचार के विनोद कुमार ने पट्टे की भूमि का सीमांकन कराकर कब्जा दिलाये जाने, मुड़ेना मल्होसी के रामस्वरूप यादव ने गांव में अधूरे पड़े सामुदायिक शौचालय का निर्माण पूर्ण कराये जाने, नगला भूरे की आशा देवी ने बैनामा शुदा भूमि को कब्ज़ा मुक्त कराये जाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिए। इसके अलावा अन्य कई फरियादियों ने अपनी अपनी समस्या के निस्तारण की गुहार लगाई है। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ भगवान दास, उप जिलाधिकारी विजय शंकर तिवारी, तहसीलदार अशोक कुमार सिंह आदि सहित कई विभागों के अधिकारियों व कर्मियों की मौजूदगी रही। कान्हा गौशाला को सौ कुन्तल भूसा दान दिया गया। तहसील परिसर में डीएम श्रुति सिंह ने भरथना कान्हा गौशाला के लिए दान दिए गए सौ कुन्तल भूसा को अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रामआसरे कमल को सौपा गया।












