
भास्कर सामचार सेवा
रोहतक / आदमपुर। आज बदली हुई परिस्थितियों में आदमपुर की जनता अपने हलके का प्रतिनिधि चुनने के लिए किसान कमेरे की आवाज बन चुके और किसानों की पंचायत द्वारा समर्थित इनेलो उम्मीदवार कुरड़ाराम नंबरदार के लिए लामबंद हो चुकी है और आदमपुर उप-चुनाव इनेलो भारी बहुमत से जीतने जा रही है, यह दावा इनेलो प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को आदमपुर में पार्टी दफ्तर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए किया।
आज जनता कल्याण मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबा जसमेर सिंह महाराज अपने समर्थकों और पदाधिकारियों समेत आदमपुर उप-चुनाव लड़ रहे इनेलो पार्टी के उम्मीदवार कुरड़ाराम नंबरदार को समर्थन देने आदमपुर पहुंचे। जसमेर महाराज ने भाजपा नेता कुलदीप बिश्रोई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज जब वह अपने समर्थकों सहित इनेलो उम्मीदवार को समर्थन देने आ रहे थे तो एक साजिश के तहत कुलदीप बिश्रोई ने गांव शीशवाला में उन पर हमला करवा दिया और उनके समर्थकों की गाडिय़ों के शीशे तोड़ दिए। स्वामी ने कहा कि उन्होंने संकल्प लिया था कि आदमपुर को इस बार परिवारवाद से मुक्त कराएंगे और एक स्थानीय सामाजिक व्यक्ति को उपचुनाव जिता कर आदमपुर की जनता को इससे निजात दिलाएंगे। हमने अपना उम्मीदवार भी उतार दिया था जिससे कुलदीप बिश्रोई घबरा गए और साजिश के तहत हमारे उम्मीदवार से साठगांठ कर ली। आदमपुर के किसानों ने पंचायत करके मांग की थी कि कुलदीप बिश्रोई के खिलाफ जो पार्टी स्थानीय व्यक्ति को टिकट देगी उसका समर्थन करेंगे। कांग्रेस ने बाहरी व्यक्ति को टिकट थमा दी और इनेलो ने किसानों की लड़ाई लड़ रहे स्थानीय किसान नेता को टिकट दी। सबसे बड़ी बात यह है कि पूरे देश में अभय सिंह चौटाला एकमात्र विधायक हैं जिन्होंने किसानों के हकों के लिए विधायक पद से इस्तीफा दिया था। इसलिए वो आज इनेलो का समर्थन करते हैं और पूरी निष्ठा से कंधे से कंधा मिला कर कुरड़ाराम नंबरदार को जिताएंगे।
इनेलो नेता ने कहा कि प्रजातंत्र में हर एक व्यक्ति को इस बात का अधिकार है कि वो किसको चुनाव लड़वाए, किसको अपना समर्थन दे और किसको अपना वोट दे। लेकिन आज कुलदीप बिश्रोई ने ओछी हरकत करते हुए स्वामी पर हमला करवाया जिसे इनेलो पार्टी बर्दास्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि आदमपुर की जनता सब देख रही है कि कौन सही है और कौन गलत इसलिए आज माहौल पूरी तरह से इनेलो उम्मीदवार के पक्ष में हो गया है और भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां बुरी तरह चुनाव हार रही हैं।











