डॉ. मंगल सैन बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे, जिनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज सेवा को समर्पित रहा: पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर

भास्कर समाचार सेवा
रोहतक, 27 अक्टूबर। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की डा. मंगल सैन शोधपीठ के तत्वावधान में आज पूर्व उपमुख्यमंत्री, हरियाणा डा. मगंल सैन की 95वीं जयंती के अवसर पर- डा. मंगल सैन: बहुआयामी व्यक्तित्व विषय पर स्वराज सदन में सेमिनार आयोजित किया गया।
पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बतौर मुख्यातिथि इस सेमिनार का शुभारंभ करते हुए कहा कि डा. मंगल सैन बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे, जिनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज सेवा को समर्पित रहा। मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि डा. मंगल सैन का जीवन प्रेरणादायी रहा है। आज युवा पीढ़ी को उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना चाहिए, ऐसा उनका कहना था।
शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डा. सुरेन्द्र कुमार जैन ने इस सेमिनार में बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। उन्होंने कहा कि डा. मगंल सैन ने ताउम्र राष्ट्र एवं समाज कल्याण के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि डा. मंगल सैन ने मूल्यों की राजनीति की। वे दृढ़ निश्चयी, संवेदनशील, समाजसेवी, समाज को सही दिशा देने वाले ईमानदार राजनीतिज्ञ थे, ऐसा उनका कहना था। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है डा. मंगल सैन के जीवन पर शोध करके उनके जीवन के प्रेरणादायी पहलुओं को समाज के सामने लाया जाए। उन्होंने इस दिशा में एमडीयू की डा. मंगल सैन शोधपीठ द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की।
एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि डा. मंगल सैन राजनीति में शुचिता और सादगी की प्रतिमूर्ति रहे। वे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। कुलपति ने कहा कि डा. मंगल सैन शोधपीठ डा. मंगल सैन के बहुआयामी व्यक्तित्व, उनके जीवन के तमाम पहलुओं और संस्मरणों को सामने लाने की दिशा में शोध कार्य करेगा, जिससे आने वाली पीढिय़ां डा. मंगल सैन के जीवन मूल्यों से परिचित हो सकें। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि आने वाले समय में डा. मंगल सैन के जीवन पर काफी बुक टेबल तथा कुछ पुस्तकें प्रकाशित की जाएंगी और साथ ही दो छात्रवृतियां भी प्रारंभ की जाएंगी।
डा. मंगल सैन शोधपीठ के निदेशक प्रो. राजीव कुमार ने प्रारंभ में स्वागत भाषण देते हुए डा. मंगल सैन शोधपीठ की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी और डा. मंगल सैन के जीवन पर प्रकाश डाला। डा. रवि प्रभात ने मंच संचालन का दायित्व बखूबी निभाया। आभार प्रदर्शन डा. मंगल सैन शोधपीठ के सलाहकार सोमनाथ शर्मा ने किया। डा. मंगल सैन के भतीजे रणधीर भुटियानी व अन्य परिजन इस सेमिनार में विशेष तौर पर शामिल हुए। इस अवसर पर डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. नवरतन शर्मा, एमडीयू के विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, गैर शिक्षक कर्मी, सुरेश नांदल, डॉ. सुदर्शन ढींगरा, एडवोकेट राजेश सहगल, रमेश भाटिया समेत शहर के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
रोहतक,। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के छात्र तथा राष्ट्रीय सेवा योजना वालंटियर हरिचंद का चयन 31 अक्टूबर को नई दिल्ली में संसद भवन में होने वाले सरदार वल्लभी भाई पटेल जयंती कार्यक्रम में भाषण देने वाले वक्ता-वालंटियर के तौर पर हुआ है। पूरे भारत में सात एनएसएस वालंटियर्स का चयन इस कार्यक्रम के लिए हुआ है।
एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के एमए फाइनल वर्ष के छात्र हरिचंद को 2017 में राष्ट्रीय सेवा योजना में योगदान के लिए राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कार मिला था।
एमडीयू के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. राजकुमार, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष प्रो. हरीश कुमार तथा निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने हरिचंद को इस गौरवमयी उपलब्धि के लिए बधाई दी है।

खबरें और भी हैं...