
भास्कर समाचार सेवा
रोहतक। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि करनाल में आयोजित होने वाले भगवान परशुराम महाकुम्भ राज्य स्तरीय समारोह भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इस समारोह में सर्व समाज के लोग हरियाणा से ही नहीं बल्कि दूसरे प्रदेशों से भी पहुचेंगे। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहुचेंगे। कार्तिकेय शर्मा शनिवार को करनाल के सैक्टर-12 के हुडा ग्राउंड में आयोजित होने वाले परशुराम महाकुम्भ आयोजन का निरीक्षण कर रहे थे।
इस दौरान कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए सभी को निमंत्रण दिया गया है। मुख्यमंत्री स्वयं इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे, हमें पूरा विश्वास है कि वे भगवान परशुराम के इस समारोह में कोई न कोई घोषणा जरुर करेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम सर्व समाज के लिए आदर्श थे। उन्हें भगवान मानकर उनकी पूजा की जाती है। उनके विचारों और संस्कारों को जीवन में अनुसरण करना चाहिए। हरियाणा सरकार ने संत महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है, यह बेहद सराहनीय कार्य है। इसी कड़ी में भगवान परशुराम महाकुम्भ राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। राज्यसभा सांसद ने सैक्टर-12 हुडा ग्राउंड में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने इस संबंध में कुछ दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर बीजेपी के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, एचआईआईडीसी के चीफ कॉर्डिनेटर सुनील शर्मा, ब्राह्मण सभा के प्रधान सुरेन्द्र बड़ौता, श्याम सिंह चौहान सहित अन्य ब्राह्मण नेता मौजूद रहे।













