
रेवाड़ी, 16 जनवरी | हरियाणा सरकार में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि आधारभूत ढांचागत विकास के साथ जनसेवा पर सरकार का पूरा फोकस है। हर पहलू पर अंत्योदय की भावना से सभी वर्गों का सम्मान किया जा रहा है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डा. बनवारी लाल सोमवार को जिला के गांव कुंड में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान आमजन की शिकायतें व समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। डीसी अशोक कुमार गर्ग ने मंत्री का स्वागत किया और जन सुनवाई के दौरान आई शिकायतों के निवारण बारे प्रशासन की ओर से तत्परता से समाधान करवाने की बात कही।
8 साल में हुआ विकासात्मक परिवर्तन : डा. बनवारी लाल
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में मनोहर कार्यकाल के दौरान पिछले 8 साल में विकासात्मक परिवर्तन आया है और सुखद बदलाव की ओर रेवाड़ी जिला प्रदेश के विकास में भागीदार बन रहा है। हाल ही में मनोहर सरकार ने अपने 3000 दिन पूरे करते हुए विकास की नई पृष्ठभूमि तैयार की है और यह विकास निरन्तर ग्रामीण विकास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी आम जनता की शिकायतों व समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करना सुनिश्चित करें ताकि आमजन को राहत मिल सके। जन सुनवाई कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बिजली, पानी और सड़क से संबंधित ढांचागत समस्याएं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री के सामने रखी। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए मौके पर ही उपस्थित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी गंभीरता और तत्परता के साथ आमजन की शिकायतों व समस्याओं का निराकरण कराएं, अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी शिकायत अधिक समय तक लंबित ना रहे।
डा. बनवारी लाल ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली मोदी सरकार और हरियाणा में मनोहर लाल के नेतृत्व वाली मनोहर सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र की आधारभूत समस्याओं को पूरी तरह से समाप्त करने की दिशा में सरकारी मशीनरी काम करे ताकि ग्रामीण अंचल की विकास गति को नई ऊर्जा मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जनसेवा को समर्पित होकर कार्य कर रही है ,ऐसे में संबंधित विभागीय अधिकारी अपने दायित्व का प्रभावी रूप से निर्वहन करते हुए आपसी तालमेल व समन्वय से कार्य करें और जिला में लंबित विकास कार्यों और योजनाओं को जल्द से जल्द सिरे चढ़ाएं ताकि आमजन को इनका लाभ मिल सके।
अधिकारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें अपने दायित्व का निर्वहन : डा. बनवारी लाल
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि अधिकारी कोई भी निर्णय करते समय अंत्योदय व गरीब कल्याण की भावना ध्यान में रखें। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों व समस्याओं के निराकरण में देरी व लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं ताकि योग्य लाभपात्र सरकार की योजनाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने सभी विभागाध्यक्ष को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने आप सभी को जनता की शिकायतों व समस्याओं का समाधान करने के लिए दायित्व सौंपा हुआ है और आप सभी को अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करना चाहिए।
डा. बनवारी लाल ने कहा कि रेवाड़ी जिला एवं इससे जुड़े गांवों में अनेक कार्य लंबित हैं और कई विकास कार्य शुरू किए जाने हैं। संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल से कार्य करें और विकास कार्यों को पूरा करवाएं। उन्होंने कहा कि सुशासन से सेवा के संकल्प के साथ जनसेवा का दायित्व संभालने वाली वर्तमान केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में विकास कार्यो को आगे बढ़ा रही है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने जन सुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग, सिंचाई विभाग, पंचायती राज विभाग और मार्केटिंग कमेटी के अधिकारियों से जन समस्याओं बारे समीक्षा करते हुए सभी समस्याओं का शीघ्र निवारण करने के निर्देश दिए।
यह रहे मौजूद :
इस अवसर पर डीसी अशोक कुमार गर्ग, एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल, एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह, सरपंच कुंड मंजू देवी शर्मा, ब्लॉक समिति चेयरपर्सन गोमती पंवार, डा. आनंद राज शर्मा, डा. अरविंद यादव, देशराज, आनंद सिंह राठौर और सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।













