
जम्मू(ईएमएस)। बारामूला में आतंकियों ने बेहद कायराना हरकत की है। यहां मस्जिद में नमाज पढ़ रहे एक रिटायर पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार रविवार की सुबह की यह घटना तब हुई जब रिटायर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मोहम्मद शफी गंतमुल्ला इलाके में एक मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। कश्मीर जोन पुलिस ने एक्स पर कहा, आतंकवादियों ने गेंटमुल्ला में एक रिटायर पुलिस अधिकारी मोहम्मद शफी पर मस्जिद में अजान पढ़ते समय गोलीबारी की और उनकी मौत हो गई।बता दें कि हाल ही में जम्मू कश्मीर में सेना के दो वाहनों पर हमला करने वाले आतंकवादियों को पकड़ने के लिये बड़े पैमाने पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने घने जंगली इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया, जिसमें राजौरी का निकटवर्ती थानामंडी भी शामिल है। हालांकि, फरार आतंकवादियों का अब तक पता नहीं चल पाया है। शनिवार दोपहर ढेरा की गली इलाके में एक जंगल के अंदर गोलीबारी की आवाज सुनी गई।














