छोटे भाई की मौत के ग़म में बड़े भाई की मौत: एक ही परिवार मे 6 घंटे में दो सगे भाइयों की मौत, साथ जलीं चिताएं, गांव में फैला मातम

जनपद मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम टिंडौली में मंगलवार को ऐसा हृदयविदारक मंजर सामने आया, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। छोटे भाई की मौत की खबर मिलते ही बड़े भाई का दिल बैठ गया और महज छह घंटे के भीतर दोनों सगे भाइयों ने दुनिया छोड़ दी। शाम को जब दोनों की अर्थियां एक साथ उठीं और पास-पास चिताएं जलीं, तो हर आंख नम हो गई।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 45 वर्षीय शील कुमार कठेरिया दन्नाहार थाने में चौकीदार के पद पर तैनात थे। उनके छोटे भाई 35 वर्षीय आदेश लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। इलाज के लिए उन्हें ग्वालियर ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। इसके बाद परिजन उन्हें पीजीआई लखनऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन भर्ती से पहले ही रास्ते में आदेश ने दम तोड़ दिया।

सोमवार रात आदेश का शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। छोटे भाई की मौत की खबर से शील कुमार गहरे सदमे में चले गए। कुछ ही घंटों बाद उन्हें हार्ट अटैक आया और परिजन कुछ कर पाते, उससे पहले ही उनकी भी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, शील कुमार आर्थिक रूप से कमजोर थे। भाई के इलाज के लिए उन्होंने अपनी छह बीघा जमीन करीब 15 लाख रुपये में बेच दी थी। तमाम कोशिशों के बावजूद जब भाई को नहीं बचा सके, तो यह आघात वे सहन नहीं कर पाए।

आदेश के पीछे पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं। वहीं शील कुमार के भी पांच बच्चे हैं—तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटे अविवाहित हैं। एक साथ घर के दो कमाने वालों के चले जाने से परिवार पर आर्थिक संकट का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा है। हर शख्स इस त्रासदी से स्तब्ध है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता और बच्चों के भविष्य के लिए ठोस मदद की मांग की है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

3 + 3 =
Powered by MathCaptcha