
गोरखपुर (खजनी)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खजनी थाना क्षेत्र के धाधुपार गांव में मंगलवार की देर रात एक शख्स ने अपनी पत्नी की फावड़े से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी। चरित्र पर संदेह और शराब की लत ने इस खूनी वारदात की पटकथा लिखी। घर में मचे कोहराम के बीच जब मासूम बच्चों ने मां को बचाने की कोशिश की, तो पिता ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर दौड़ा लिया। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
आधी रात को ‘खून’ से लाल हुआ आंगन
पुलिस के मुताबिक, अशोक निषाद और उसकी पत्नी नीलम देवी (38) की शादी 20 साल पहले हुई थी। सबकुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले कुछ समय से अशोक अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करने लगा था। मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि अशोक ने आपा खो दिया और घर में रखा फावड़ा उठाकर पत्नी की गर्दन पर दे मारा। मौके पर ही नीलम की दर्दनाक मौत हो गई।
मासूम बच्चों को भी मारने के लिए दौड़ाया
जब घर के भीतर चीख-पुकार मची, तो अशोक का 17 वर्षीय बेटा सूरज और 14 वर्षीय बेटी सृष्टि अपनी मां को बचाने के लिए दौड़े। लेकिन हैवान बन चुके पिता ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए दोनों बच्चे आधी रात को घर से बाहर भागे और पड़ोसियों को मदद के लिए पुकारा। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, नीलम खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी और उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मुंबई में कारपेंटर था आरोपी, गांव आकर लगी शराब की लत
बेटे सूरज ने पुलिस को बताया कि उसके पिता पहले मुंबई में कारपेंटर का काम करते थे और अच्छी कमाई होती थी। लेकिन कुछ साल पहले गांव लौटने के बाद उन्होंने खेती और पशुपालन शुरू किया और इसी दौरान उन्हें शराब की लत लग गई। शराब के नशे में वह अक्सर मां के साथ मारपीट और झगड़ा करते थे। मृतका के पिता राजेंद्र निषाद की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
खजनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं।











